यमुनानगर। अब पुलिस थानों में एफआईआर और डीडीआर (डेली डायरी रिपोर्ट) ऑनलाइन दर्ज होगी। जांच अधिकारी एक बार जो रिपोर्ट भेज देंगे, उसे बदल नहीं पाएंगे। यह सब होगा क्राइम क्रिमिनल ट्रेकिंग एंड नेटवर्किंग पोर्टल सिस्टम से। यह प्रदेश के थानों में शुरू हो गया है। इससे समय की बचत के साथ केसों में पारदर्शिता आएगी। शिकायतकर्ता भी पोर्टल पर जाकर एफआईआर नंबर डालकर अपने केस का स्टेट्स चेक कर सकेंगे।
हर अधिकारी की पोर्टल आईडी
एसएचओ सहित सभी जांच अधिकारियों की पोर्टल आईडी बनाई गई है। जांच अधिकारियों को रिपोर्ट ऑनलाइन देनी होगी। यह सेंट्रल सर्वर जाएगी, जो पंचकूला हेड ऑफिस में बनाया है। इसे डीजीपी, आईजी, एसपी, डीएसपी व एसएचओ) देख सकेंगे। उसे थाने से फाइल नहीं मंगवानी पड़ेगी। इसलिए जांच अधिकारी फाइल को न तो दबा सकेंगे और न ही रिपोर्ट को बदल पाएंगे। यमुनानगर के एसपी वेदप्रकाश गोदारा के अनुसार सिस्टम को समझाने के लिए पुलिस कर्मचारियों व अधिकारियों को 5 दिन की ट्रेनिंग दी जा रही है।
इस सिस्टम के लिए पुलिस ने खुद का ब्राडबेंड सिस्टम लगाया है। इससे पहले थानों को बीडीपीओ ऑफिस के भरोसे रहना पड़ता था। जिसमें पुलिस को तमाम दिक्कतें आती थी।