शहजादपुर. शुक्रवार को शहजादपुर के मुख्य बाजार में स्थित एक दवाइयों की दुकान पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने छापेमारी की। इस दौरान कई प्रतिबंधित व नशीली दवाइयां जब्त की गई। स्वास्थ्य विभाग की यह कार्रवाई डीसी के निर्देश पर की गई।
शुक्रवार को ड्रग कंट्रोलर अधिकारी सुनील दहिया व हेमंत ग्रोवर के नेतृत्व में विभाग की टीम ने शहर के मेन बाजार स्थित अशोक मेडिकल स्टोर नामक दवाइयों की दुकान पर छापा मारा। सुनील दहिया ने बताया कि डीसी के पास शिकायत आई थी कि इस दुकान पर नशीली व प्रतिबंधित दवाइयों का कारोबार हो रहा है।
डीसी के निर्देश पर यह कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। ड्रग्स कंट्रोलर अधिकारी ने बताया कि इस छापेमारी में बरामद की गई दवाइयों की सूची तैयार की जा रही है। अधिकारी के अनुसार नियमानुसार दुकानदार को नोटिस भेज कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।