चंडीगढ़। प्रदेश के सीनियर आईएएस ऑफिसर अशोक खेमका ने दिल्ली के चुनाव नतीजों को लेकर गुरुवार को ट्वीट किया। उन्होंने कहा है कि आम आदमी पार्टी की इतनी बड़ी जीत का संदेश का स्पष्ट है कि यह किसी राजनीतिक दल की जीत नहीं बल्कि लोगों का व्यवस्था के प्रति गुस्सा है। हमें राजनीतिक दल अथवा पूरी तरह से विकास में से किसी एक को चुनना होगा।
इस ट्वीट को 1 घंटे में करीब 136 लोग री ट्वीट कर चुके थे। खेमका वही आईएएस अफसर हैं, जिन्होंने केंद्र और हरियाणा में कांग्रेस की सरकार होते हुए यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वाड्रा की कंपनियों के भूमि घोटाले को उजागर किया था। इसके बाद से ही वे तत्कालीन सरकार की प्रताड़ना का शिकार हो गए थे।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली में हाल ही हुए विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने संयोजक अरविंद
केजरीवाल के नेतृत्व में भाजपा और कांग्रेस को चारों खाने चित्त करते हुए 70 में से 67 सीटें जीती हैं। खेमका का मानना है कि इतनी बड़ी जीत तभी संभव है जब आम लोगों का किसी सरकार या व्यवस्था के प्रति जबरदस्त आक्रोश हो।
कभी ‘आप’ से ऑफर की वजह से सुर्खियों में रहे
जिस वक्त आम आदमी पार्टी हरियाणा में पांव पसारने की कोशिश कर रही थी, तब राजनीतिक गलियारों में चर्चा उठी थी कि पार्टी अशोक खेमका को प्रदेश में पार्टी का चेहरा बना सकती है। चर्चा यहां तक थी कि आप खेमका को सीएम पद का प्रत्याशी प्रोजेक्ट कर सकती है। खेमका की तरफ से इन खबरों का खंडन नहीं हुआ। हालांकि बाद में आप ने प्रदेश में विधानसभा चुनाव न लड़ने का फैसला लिया और ये चर्चाएं भी थम गईं।