(सुरेंद्र प्रकाश का फाइल फोटो।)
अम्बाला। सेक्टर-नौ में पोस्ट आॅफिस से रिटायर्ड क्लर्क सुरेंद्र प्रकाश की हत्या कर शव को रजाई में ही लपेट कर हत्यारे भाग निकले। हत्या का पता नहीं चलता, अगर घर से दुर्गंध न उठती। एक हफ्ते पहले हुई हत्या के कारण शव सड़ गया था। सदर थाना पुलिस पोस्टमार्टम के लिए शव को
सोनीपत स्थित खानपुर कलां मेडिकल काॅलेज में रविवार को भेजेगी। फिलहाल पुलिस ने सुरेंद्र के बेटे राजीव साहनी की शिकायत पर मामला दर्ज किया है।
सुरेंद्र 2011 में पत्नी की मौत के बाद हाउसिंग बोर्ड काॅलोनी में अकेले रह रहे थे। उनका बेटा राजीव तथा बहू नीतू कैंट के कच्चा बाजार में रहते हैं। घर से जब दुर्गंध उठने लगी तो लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस अगले कमरे में साहनी का शव रजाई में खून से लथपथ मिला। उनका गला रेता हुआ था। पुलिस ने सुरेंद्र के बेटे को सूचित किया।
अलग रह रहा था बेटा
बेटे राजीव ने बताया कि वह डेराबस्सी स्थित एक कंपनी में काम करता है। उसकी पत्नी नीतू फार्मासिस्ट है। वह चार से अलग रह रहे थे। उनके पिता उनसे कम मिला-जुला करते थे। इसलिए वह कभी कभार ही पिता के पास आते थे।
सुरेंद्र साहनी की किसी तेजधार हथियार से हत्या की गई है। एक सप्ताह तक शव कोठी में रजाई में लिपटा रहने की वजह से उसमें दुर्गंध हो गई। पोस्टमार्टम खानपुर में रविवार को कराया जाएगा।
जसपाल सिंह ढिल्लो, एसएचओ, सदर थाना, अम्बाला सिटी