अम्बाला सिटी। भाजपा टिकट की दूसरी सूची जारी होने पर रविवार को मुलाना विधानसभा क्षेत्र में और अम्बाला सिटी में पार्टी में बिखराव की स्थिति पैदा हो गई है। बराड़ा में जहां तीन मंडल अध्यक्षों ने इस्तीफे दिए। वहीं सिटी में टिकट न मिलने से प्रदेश महासचिव जसबीर मलौर सोमवार को पार्टी छोड़ने की घोषणा कर सकते हैं। इसके बाद वह निर्दलीय या अन्य किसी पार्टी से चुनाव लड़ सकते हैं।
संतोष सारवान को मुलाना से भाजपा प्रत्याशी बनाए जाने के विरोध में पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं में संतोष के खिलाफ असंतोष फैल गया है। रविवार को साहा में बैठक हुई जिसमें सभी ने सांसद रतन लाल कटारिया, विधायक दल के नेता अनिल विज व प्रदेश अध्यक्ष रामविलास शर्मा के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की गई। कार्यकर्ताओं ने संतोष सारवान गो बैक के नारे लगाए।
अध्यक्षता बराड़ा मंडल प्रधान कृष्ण राणा, साहा मंडल प्रधान जसमेर राणा व मोहड़ा मंडल प्रधान सुभाष शर्मा ने की। बैठक में टिकट न मिलने से नाराज भाजपा नेता मांगेराम पंजैल, ज्ञान चंद अधोया व संजीव चौधरी एक साथ दिखाई दिए। रात को तीनों मंडल अध्यक्ष ने पद से इस्तीफे दिए। साहा में सोमवार 11 बजे पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक होगी। इसमें पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ रणनीति बनाई जाएगी।
मना लेंगे कार्यकर्ताओं को
^टिकट का दावा करने वाले काफी होते हैं। टिकट तो एक को ही मिलनी होती है इसलिए अन्य दावेदार रुष्ट हो जाते हैं। उन्हें मना लिया जाएगा।
रतन लाल कटारिया, सांसद, अम्बाला।
राजनीति के मायने
अम्बाला सिटी में अगल मलौर भाजपा को छोड़ देते हैं तो पार्टी को बड़ा झटका लगेगा, क्योंकि नग्गल क्षेत्र में मलौर का काफी वोट बैंक है। वह इस क्षेत्र से विधायक भी रह चुके हैं। परिसीमन के बाद नग्गल क्षेत्र के कई गांवों सिटी व कैंट विधानसभा क्षेत्र से जुड़ गए थे। पिछले चुनाव में मलौर की धर्मपत्नी अकाली दल की टिकट पर चुनाव लड़ चुकी हैं। मुलाना में संतोष सारवान को बाहरी प्रत्याशी होने का खामियाजा भुगतना पड़ सकता है। पार्टी के वर्कर उनके आने से नाखुश हैं। अगर पार्टी वर्कर नहीं माने तो संतोष को काफी नुकसान हो सकता है।
मलौर ने बुलाई मीटिंग
अम्बाला सिटी से पार्टी की टिकट न मिलने से रुष्ट प्रदेश महासचिव जसबीर मलौर भी सोमवार को पार्टी छोड़ने का एेलान करेंगे। उन्होंने अपने आवास पर बैठक बुलाई है। जहां पार्टी छोड़ कर चुनाव लड़ने की घोषणा की जाएगी। मलौर ने कहा कि जो भी निर्णय वर्कर करेंगे। वह उसका पालन करेंगे। सुबह से ही जसबीर मलौर के मैसेज व्हाट्स अप पर चलने शुरू हो गए थे। जिसमें लिखा गया कि अब इंतजार नहीं रण होगा। दोपहर तीन बजे वर्कर को मीटिंग में पहुंचने के लिए कहा गया। मलौर ने कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी अपने तीन बूथ से भाजपा को जीता नहीं सका। उसे पार्टी ने टिकट दी है।
(फोटो- साहा में सारवान को टिकट मिलने पर प्रत्याशी के खिलाफ रणनीति बनाते भाजपा कार्यकर्ता।)