पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

चॉकलेट खाई, फ्रूटी पी, कार में सामान समेटा और चले गए चोर

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

अम्बाला सिटी. बलदेव नगर स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में चोरों ने बड़े इत्मिनान से चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने फ्रिज में बच्चे के लिए डिब्बे में रखी चॉकलेट खाई, फ्रूटी पी और घर के बाहर खड़ी मालिक की ही कार में सामान लादा और फरार हो गए। शनिवार सुबह जब पड़ोसी ने कार नहीं देखी तो फरीदाबाद गए मकान मालिक को फोन किया।

आशीष तनेजा लालडू स्थित एक कंपनी में मैनेजर हैं। उनकी पत्नी बच्चे के साथ अपने मायके फरीदाबाद गई थीं। आशीष शुक्रवार देर शाम पत्नी व बच्चे को लेने गए थे। चोरों को शायद इस बात का पता था कि घर में कोई नहीं है। रात को चोर घर में छत से सीढ़ियों से उतरे। दरवाजे के ताले कुंडी सहित उखाड़ दिए। घर का कोना-कोना खंगाला। फ्रिज में रखी गई फ्रूटी से प्यास बुझाई।

डिब्बे से चॉकलेट निकाली और उसे भी चट कर गए। आशीष ने बताया कि उसकी वेगनआर कार घर के बाहर ही खड़ी थी। चाबी उन्होंने ड्राइंग रूम में रखी थी। चोरों ने चाबी उठाई और मेन गेट का ताला तोड़ा। वह कार में घर से चोरी किया गया सामान रखकर चलते बने। आशीष ने बताया कि चोरों ने लैपटॉप, हैंडीकैम, नकदी, सोना, डीवीडी प्लेयर पोर्टेबल व अन्य सामान ले गए।

फोटो- चोरों द्वारा खाई गई चॉकलेट का रैपर व फूट्री की बोतल।