यमुनानगर। झगड़े के बाद बिहार में घर को लौटे छात्रों के मामले में गणपति शिक्षण संस्थान बिलासपुर की मैनेजमेंट ने अपना तर्क दिया है। मैनेजमेंट का कहना है कि छात्र कॉलेज छोड़कर नहीं गए बल्कि परीक्षा खत्म होने के बाद वापस गए हैं। कुछ छात्र परीक्षा की तैयारी के लिए घर गए हैं। वहीं शुक्रवार को एसडीएम बिलासपुर पूजा चांवरिया व डीएसपी नरेश अहलावत ने गणपति शिक्षण संस्थान का दौरा किया।
गणपति शिक्षण संस्थाओं के चेयरमैन मनीष बिंद्रा का कहना है कि संस्थान से किसी भी छात्र ने पलायन नहीं किया है। डिप्लोमा के छात्रों की परीक्षाएं समाप्त हो गई हैं। इसलिए सभी छात्र अवकाश होने के कारण अपने घर जा रहे हैं। जिन छात्रों की परीक्षा २२ दिसंबर से शुरू होनी हैं वे अपनी परीक्षा की तैयारी के लिए अवकाश पर घर गए हैं।
पीजी में रहने वाले छात्रों के रहने-खाने नि:शुल्क व्यवस्था करेगा संस्थान : गणपति प्रबंधन समिति के जनरल सेक्रेटरी सुभाष गौड ने बताया कि लड़ाई-झगड़े को अंजाम देने वाले छात्रों को कॉलेज समिति ने निष्कासित कर दिया है। जो छात्र हॉस्टल के बाहर पीजी लेकर रह रहे हैं, उन सबके रहने-खाने की नि:शुल्क व्यवस्था संस्थान करेगा।