अम्बाला सिटी. इनकी उम्र अभी वोट की नहीं है। फिर भी हाथों में तख्तियां लेकर लोगों को जागरूक करने के लिए सड़क पर उतरे। सड़कों पर वोट बनाने के लिए नारेबाजी करते हुए कदमताल करते हुए आगे बढ़े। लोगों को जागरूक करने के लिए छात्रों को कमान सौंपी गई थी।
यह छात्र विभिन्न स्कूलों के थे। रैली पंचायत भवन से शुरू हुई। यहीं आकर समाप्त हुई। रैली में 400 के करीब छात्र थे। इसके बाद राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर जिलास्तरीय समारोह में बीएलओ और विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता छात्रों को पुरस्कृत किया गया। समारोह की अध्यक्षता डीसी केएम पांडुरंग ने की। डीसी ने नागरिकों को मतदाता की शपथ भी दिलाई।
डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी केएम पांडुरंग ने युवाओं को आह्वान किया है कि वे मतदान को राष्ट्र के प्रति अपना कर्तव्य समझते हुए अपना वोट अवश्य बनवाएं। वोट बनने के बाद ही हर व्यक्ति एक जिम्मेदार नागरिक बनता है।