अम्बाला। रविवार दोपहर बाद चोरों ने एक घंटे में ही अनाज मंडी स्थित श्री सत्संग सभा शिवालय मंदिर की चार गुल्लकों को तोड़कर हजारों की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। दिनदहाड़े चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया, लेकिन किसी को इसकी भनक भी नहीं लगी। मंदिर कमेटी के सचिव सुशील गोयल ने बताया कि पांच बजे पुजारी चेतन कौशल पहुंचे।
उन्होंने मंदिर खोला तो देखा कि गुल्लक टूटी हुई और कुछ नकदी भी बिखरी हुई है। उन्होंने इसकी जानकारी प्रबंधक कमेटी को दी। जिसके बाद कमेटी सदस्य मौके पर पहुंचे और पुलिस को इसकी जानकारी दी। देर शाम पुलिस ने मौका कर जांच शुरू कर दी है।
बदमाश शिवालय के गेट पर लगा ताला तोड़कर अंदर आए। शिवालय में लोहे की गुल्लक है, जोकि उनसे नहीं टूटी। इसके बाद बदमाशों ने हनुमान, मां शेरावाली, राधा-कृष्ण व राम परिवार मंदिर के आगे लकड़ी की गुल्लक को तोड़ा और नकदी चुराकर ले गए। सचिव सुशील गोयल ने बताया कि गुल्लक दिसंबर अंत में खोली गई थी। जनवरी में गुल्लक नहीं खोली गई। अनुमान है कि गुल्लक में करीब 15 हजार से अधिक की नकदी होगी।
चार बजे मंदिर से गए थे, पांच बजे आए तो टूटे पड़े थे ताले
बदमाश मंदिर में चोरी की घटना को एक घंटे में ही अंजाम दे गए। सचिव ने बताया कि दोपहर दो से तीन बजे तक कार्यक्रम था। करीब चार बजे मंदिर बंद करके गए थे। शाम पांच बजे मंदिर खोला तो देखा कि ताले टूटे हुए मिले। मंदिर अनाज मंडी में है और दोनों और आवाजाही भी रहती है। साथ ही रविवार होने के कारण लोगों का आना जाना भी अधिक होता है। इसके बाद भी बदमाश वारदात को ऐसे अंजाम दे गए और किसी को पता भी नही लगा। दिनदहाड़े घटना से क्षेत्र में दहशत बनी हुई है।
(फोटो- कैंट अनाजमंडी के राधा-कृष्ण मंदिर में चोरी के बाद कार्रवाई करती पुलिस।)