अम्बाला। कैंट की तहसील में गुरुवार दोपहर को अम्बाला प्रॉपर्टी डीलर एसोसिएशन के चेयरमैन की ओर से पेश दस्तावेज पर साइन न करने पर एसोसिएशन सदस्य भड़क गए। उन्होंने तहसील परिसर में जमकर हंगामा किया और नायब तहसीलदार पर अभद्र व्यवहार का आरोप भी लगाया।
हालांकि हंगामा बढ़ता देख नायब तहसीलदार ने दस्तावेज पर साइन कर दिए। मगर भड़की एसोसिएशन ने भाजपा नेता रवि सहगल को बुला लिया। भाजपा नेता ने मध्यस्थता कर विवाद खत्म कराया। एसो. चेयरमैन एवं पूर्व पार्षद का कहना है कि नायब तहसीलदार की शिकायत डीसी व स्वास्थ्य मंत्री को दी जाएगी।
चेयरमैन महिंद्र सेठी ने बताया कि दोपहर सवा दो बजे तहसील कार्यालय में आए और नायब तहसीलदार से मिले। उन्होंने वसीयत के दस्तावेज पर उनके साइन कराने थे। जैसे ही उन्होंने नायब तहसीलदार के आगे दस्तावेज किए, उन्होंने कागज फेंक दिए। साथ ही सही तरीके से उनसे बात भी नहीं की। सेठी ने बताया कि जानबूझ कर परेशान करने के लिए अधिकारी ऐसा कर रहे हैं।
बंद हो अपॉइंटमेंट सिस्टम
एसोसिएशन के पैटर्न एवं पूर्व प्रधान ओकार नाथी ने कहा कि अपॉइंटमेंट सिस्टम बंद होना चाहिए। कांग्रेस ने भी इसे लागू किया था। इसके खिलाफ प्रदर्शन किया गया था। इसके बाद इस व्यवस्था को बंद कर दिया गया था।
मैंने अभद्र व्यवहार नहीं किया
साहा के तहसीलदार धर्मपाल ने कहा कि उन्होंने किसी से अभद्र व्यवहार नहीं किया। दस्तावेज पर दस रुपए का टिकट नहीं था, बस टिकट लगाने के लिए उन्हें बोला गया था। इससे ज्यादा कुछ नहीं कहा गया। सर्वर में दिक्कत टेक्निकल है।
तहसील का सर्वर न चलने से लोग परेशान
अम्बाला कैंट तहसील का सर्वर बंद रहा जिससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। यूपी के सुलतानपुर निवासी राम ने बताया कि सोमवार को अप्वाइंटमेंट ली थी, जिसमें गुरुवार सुबह 11 बजे का समय मिला था। तीन बज गए हैं, लेकिन अब तक रजिस्ट्री नहीं हुई। इसी तरह कैंट निवासी हन्नी ने बताया कि सोमवार को साढ़े दस बजे का समय दिया गया था। सुबह दस बजे ही तहसील में आ गए थे। सुबह से सर्वर बंद है।
(फोटो- कैंट तहसील में हंगामा करते प्राॅपर्टी डीलर्स एसोसिएशन के सदस्य।)