चंडीगढ़। केंद्रीय उप चुनाव आयुक्त विनोद जुत्शी ने कहा है कि बाढ़ ओर सूखे जैसी प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित लोगों को राहत और सहायता राशि देने पर कोई रोक नहीं है। साथ ही मतदाताओं को प्रभावित न करने वाली पाइप लाइन और चल रहीं परियोजनाएं जारी रहेंगी। पूरी होने पर इनका उद्घाटन स्थानीय अधिकारी ही करेंगे।
जो परियोजनाएं प्रशासनिक, तकनीकी और वित्तीय स्तर पर मंजूर हो चुकी हैं, वे भी चुनाव आचार संहिता के कारण नहीं रुकेंगी। जुत्शी गुरुवार को यहां हरियाणा सरकार के अधिकारियों के साथ आदर्श आचार संहिता के पालन और अन्य बिंदुओं पर बैठक करने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि आचार संहिता से जुड़े सरकारी मामले 48 घंटों में निपटाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि 2 अक्टूबर को गांधी जयंती पर राजनीतिक भाषण नहीं होगा। वैधानिक संस्थाओं में भर्ती प्रक्रिया जारी रोगी। उधर, मुख्य सचिव शकुंतला जाखू ने सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव राजबीर सिंह को एक सप्ताह के लिए नोडल अफसर बनाया है। फिर अतिरिक्त सचिव धनपत सिंह यह काम देखेंगे।