अम्बाला सिटी. प्राइवेट गाडिय़ों के वीआईपी कैटेगरी में आने वाले 21 से 100 तक के नंबर अब अम्बाला में ही मिलेंगे। किसी गाड़ी मालिक को यह नंबर लेने के लिए चंडीगढ़ नहीं जाना पड़ेगा। राज्य सरकार की ओर से अम्बाला के अलावा हर जिले के लोगों को यह सुविधा देने की तैयारी चल रही है। इस सिलसिले में नोटिफिकेशन भी जारी कर दी गई है।
उधर, गाड़ी के लिए वीवीआईपी कैटेगरी के 0001 नंबर लेने की चाहत रखने वालों को 5 लाख रुपए अदा करने होंगे। 0007 व 0009 नंबर लेने के लिए डेढ़ लाख रुपए का भुगतान करना होगा। 0002 से लेकर 0006 व 0008 नंबर के लिए 75000 रुपए चुकाने होंगे। ये नंबर चंडीगढ़ स्टेट ट्रांसपोर्ट कमिश्नर ऑफिस से मिलेंगे।
जोड़ा नंबर के लिए फीस 50 हजार : अगर आप जोड़ा नंबर-11, 22, 33, 44, 55, 66, 77, 88 व 99 लेना चाहते हैं तो इसके लिए 50 हजार रुपए की फीस अदा करनी होगी। डबल जोड़ा नंबर-1111, 2222, 3333, 4444, 5555, 6666, 7777, 8888 व 9999 के लिए 25 हजार रुपए फीस निर्धारित की गई है।
अगर कोई भी वाहन मालिक बिना लाइन (अपनी बारी से पहले) अपनी गाड़ी के लिए कोई भी नंबर लेना चाहता है तो अलग से 10 हजार रुपए देने होंगे। वीआईपी कैटेगरी के नंबर 12, 13, 14, 15, 16, 17, 18 व 19 के लिए 25000 रुपए की फीस देनी पड़ेगी।