अम्बाला. निर्मल सिंह ने कैंट से विधानसभा चुनाव की टिकट मिलने के बाद कांग्रेस भवन में कार्यकर्ता सम्मेलन बुलाया। उनके समर्थक भी अपने नेता को टिकट मिलने की खुशी से फूले नहीं समा रहे थे। कांग्रेस भवन में ढोल नगाड़ों की थाप पर निर्मल सिंह का जोरदार स्वागत किया गया। इसके बाद समर्थकों ने लड्डू बांटकर खुशी का इजहार किया। समर्थकों ने कांग्रेस भवन के घुटन और उमस भरे माहौल में भी निर्मल सिंह के समर्थन में गगनभेदी नारेबाजी की। बारी-बारी से निर्मल सिंह के सिपाहियों ने माइक थाम कर उन्हें जितवाने का भरोसा दिया।
परंतु राज्यसभा सांसद कुमारी सैलजा के करीबी कई कद्दावर कांग्रेसियों के बैठक से नदारद रहने की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। टिकट की दौड़ में शामिल कुछ कद्दावर नेता शायद टिकट न मिलने से मायूस हैं। कई लोग इसे अंदरखाते साइलेंट विरोध भी मान रहे हैं। परंतु अभी तक जनचेतना पार्टी और हजकां ने अपने दावेदार का कैंट से ऐलान नहीं किया है। यदि इन नेताओं की लॉबी में से कोई भी उस ओर रुख करता है तो चुनाव काफी रोचक और रोमांचक हो सकता है। हालांकि कांग्रेसी पार्टी में किसी भी तरह की फूट या मनमुटाव की अटकलें से इंकार करते रहे हैं। परंतु अंदरखाते रूठों को मनाने की कवायद शुरू कर दी गई है। निर्मल सिंह ने भी अपने संबोधन में कार्यकर्ताओं को चुन वी कामकाज के साथ साथ रूठों को मनाने की जिम्मेदारी दी है।
ये नजर नहीं आए
हीरालाल यादव, अर्जुन लाल कालड़ा, नरेंद्र पाल सिंह शेरा, नीलम शर्मा, सुधीर जायसवाल, वेनू अग्रवाल, अजय जैन की गैरमौजूदगी कई सवाल खड़े कर गई। ये तमाम नेता सैलजा के काफी नजदीकी माने जाते हैं। सैलजा खेमे से सतीश सैनी ने कार्यक्रम में पहुंचकर अटकलों को विराम लगाने का प्रयास किया। उन्होंने मंच से निर्मल सिंह की जमकर तारीफ की। सुधीर जायसवाल ने काम में व्यस्त होने की वजह से न पहुंच पाने की बात कही है।