बवानी खेड़ा। बवानीखेड़ा में बिजली निगम द्वारा लगाए जा रहे अघोषित कटों से परेशान लोगों ने रविवार को निगम के सब स्टेशन पर प्रदर्शन किया। इस दौरान कस्बे के वार्ड छह और चार के लोगों ने प्रशासन बिजली निगम अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की।
कस्बे में पिछले काफी दिनों से बिजली के अघोषित कट लगाए जा रहे हैं। इस बात को देखते हुए हरियाणा जागृति मोर्चा, आंबेडकर युवा मंच वार्ड वासियों ने बिजली घर के मुख्य द्वार पर नारेबाजी की।
इस बारे में कस्बावासी राजेश सिंधू, अनिल, सुरेंद्र, बाली ठेकेदार, मुकेश ग्रोवर, अमरलाल, प्रेम और
कश्मीर आदि ने बताया कि बिजली के अघोषित कटों के कारण उन्होंने यह प्रदर्शन किया है।
इस दौरान उन्होंने निगम अधिकारियों को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि अगर तीन दिन में कस्बे में बिजली के हालात नहीं सुधरे तो वे सब स्टेशन के मुख्य गेट पर ताला लगा देंगे। इसकी जिम्मेवारी बिजली विभाग की होगी।
मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार महेंद्रपाल सिंह को कस्बावासियों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने राज्यपाल के नाम ज्ञापन भी सौंपा। इस पर नायब तहसीलदार ने उन्हें आश्वासन दिया कि उनका यह ज्ञापन राज्यपाल तक पहुंचा दिया जाएगा।