बवानीखेड़ा। कस्बे की एक युवती को दो साल पहले चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर उसके साथ दुष्कर्म कर उसकी वीडियो क्लिप बना ली। उसी क्लिप के सहारे उस युवती के साथ दो साल तक दुष्कर्म होता रहा। इस मामले में पुलिस ने पीड़िता के बयान पर दो महिलाओं सहित तीन के खिलाफ केस दर्ज किया है।पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करा उसे न्यायाधीश के सामने पेश किया।
पीड़िता ने बताया कि नौ जुलाई 2012 को उनके पुराने घर के सामने परिवार के ही भाई लगने वाले एक युवक के साले ने उसे दो महिलाओं के सहयोग से नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया।
इसके बाद उस भाई के साले ने उसके साथ दुष्कर्म कर उसकी वीडियो क्लिप बना ली। इसके बाद जब उसे होश आया तो उसने इसकी जानकारी अपने परिवार के भाई को दी। मगर उसने जानबूझकर अपने साले का ही साथ दिया। इस कारण उसके साले नितिन की हिम्मत बढ़ी तो वह उसके परिजनों को उसकी वीडियो क्लिप दिखाते हुए उसे इंटरनेट पर डालने की धमकी देने लगा।
पीड़िता की माने तो नितिन ने उसे ब्लैकमेल कर उनके परिजनों से पैसे एेंठता रहा। इसी दौरान उसकी शादी हुई तो भी नितिन ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। पीड़िता ने बताया कि इस काम में भांडवा निवासी नितिन का भाई राकेश भी शामिल रहा। इस बात को ध्यान में रखते हुए उसने आत्महत्या करने की ठानते हुए इस बारे में परिजनों को अवगत कराया।
इस पर उसके परिवार वालों ने सबसे पहले यह शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने उसकी शिकायत पर भांडवा निवासी नितिन, बवानीखेड़ा निवासी हेमराज, दो महिलाओं तथा भांडवा निवासी राकेश के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी।
दो महिलाओं सहित पांच लोगों पर किया केस दर्ज ।