भिवानी. गुरुवार को डीआरडीए हाल में जिला सतर्कता एवं निगरानी कमेटी की मीटिंग में सांसद धर्मबीर सिंह ने अधिकारियों को सफाई करने के स्पष्ट निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त बैठक में भिवानी नारनाैल जिले की नगरपालिकाओं नगरपरिषदों को सफाई के लिए सहायक यंत्र खरीदने के लिए ढाई करोड़ रुपये भी देने की घोषणा की।
बैठक की अध्यक्षता सांसद धर्मबीर सिंह ने की। बैठक में हिसार के सांसद दुष्यंत चौटाला भी उपस्थित थे। चौटाला ने अधिकारियों को बवानी खेड़ा क्षेत्र में व्याप्त जनसमस्याओं का समाधान तुरंत करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में सरकार द्वारा क्रियांवित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए सांसद धर्मबीर सिंह ने कहा कि 25 दिसंबर को देशभर में सफाई अभियान चलाया जाएगा, इसमें भिवानी-महेंद्रगढ़ पीछे रहे, इसके लिए कारगर योजना तैयार करें।
सांसद ने निर्देश दिए कि गांवों में महिलाओं के लिए स्वयं सहायता समूह बनाए जाएं, जिनसे वे ऐसा कार्य सीख सके, जिससे कि उनका रोजगार चल सक। उन्होंने क्षेत्र की जर्जर सड़कों की मरम्मत तुरंत करवाने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने बिजली निगम जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को आपस में सामंजस्य बनाकर काम करने को कहा ताकि जलापूर्ति में किसी प्रकार की बाधा रहे। सांसद ने लोकनिर्माण विभाग के अधिकारियों भिवानी शहर के बाहर बाईपास बनाने के लिए एक प्रारूप तैयार करने के निर्देश दिए, जिससे भारी वाहन शहर में प्रवेश कर सके।
उन्होंने डीसी डॉ.साकेत कुमार से शहर में लड़कियों के लिए एक अन्य स्कूल बनाने वास्ते जगह चिंहित करने को कहा ताकि लड़कियों की पढाई सुचारू रूप से चलती रहे। उन्होंने दादरी रोड पर डाले जाने वाले कचरे को किसी दूसरी जगह पर शिफ्ट करने को भी कहा तथा वहां पर पार्क निर्माण की योजना तैयार करने को कहा। उन्होंने प्रशासन से मेडिकल कॉलेज के बारे में वास्तुस्थिति से अवगत कराने को कहा ताकि इसे शीघ्र अमलीजामा पहनाया जा सके।
सांसद दुष्यंत चौटाला ने अधिकारियों को पेयजल व्यवस्था दुरूस्त करने को कहा। इसके अतिरिक्त उन्होंने गौशालाओं का निर्माण करवाकर आवारा पशुओं से आमजन को मुक्ति दिलाने की बात रखी। बैठक में डीसी डॉ.साकेत कुमार, एडीसी विजय कुमार, नगराधीश जगदीप सिंह, एसडीएम भिवानी सतीश कुमार, एसडीएम दादरी विजेंद्र हुड्डा, एसडीएम सिवानी शालीनी चेतल, आदि मौजूद थे।