छात्र 12 तक जमा करा सकेंगे रि-अपीयर फीस
छात्रोंद्वारा नायब तहसीलदार के सामने विरोध जताने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने रिअपीयर फीस जमा करवाने के लिए 12 फरवरी निर्धारित कर दी है। अब छात्र बिना लेट फीस के 12 फरवरी तक फार्म जमा करवा सकते हैं।
यह है मामला: महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय में रिअपीयर फार्म जमा करवाए जा रहे हैं। इनके लिए बिना लेट फीस फार्म जमा करवाने की अंतिम तिथि दस फरवरी निर्धारित की हुई थी। चौधरी बंसीलाल राजकीय महाविद्यालय लोहारू में रि अपीयर विद्यार्थियों की मंगलवार को फीस जमा नहीं की गई। यही दिन फीस जमा कराने का अंतिम दिन था। फीस जमा कराने पहुंचे विद्यार्थियों की फीस जमा नहीं हुई। कारण था विश्वविद्यालय लिपिक का नहीं होना। लिपिक उस समय फीस की आरटीजीएस एफटीआर करवाने के लिए भिवानी गया हुआ था।
इस पर छात्र कर्मबीर कारी, इनसो जिला प्रधान सुरेन्द्र राठी, अजय कालोद, विनय फौगाट, अमित बिठण, अशोक गिगनाऊ, आनंद झुप्पा, मनोज, संदीप, गीता बरसाना आदि ने नायब तहसीलदार जगपाल सिंह गोदारा को ज्ञापन सौंपा। छात्रों का आरोप है कि दो दिन महाविद्यालय में एथलीट मीट कार्यक्रम होने के कारण फीस जमा नहीं की गई। इसके अलावा अंतिम दिन तो फीस खिड़की ही नहीं खोली गई। इस बारे में छात्रों को जब फीस जमा कराने का कोई रास्ता नजर नहीं आया तो वे प्राचार्य से मिले। इस पर प्राचार्य ने कहा कि अब तो कल वे 500 रुपये की लेट फीस के साथ ही फीस जमा करा सकते हैं। उपतहसीलदार के हस्तक्षेप के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने फीस जमा करवाने की अंतिम डेट 12 फरवरी निर्धारित की।
28 को लगवा दिया था नोटिस: प्राचार्य
प्राचार्यविजय कुमार ने बताया कि उन्होंने रि अपीयर के बच्चों की फीस जमा कराने का नोटिस 28 जनवरी को लगवा दिया था। मगर छात्रों की लापरवाही के कारण यह सब हुआ है। मंगलवार को अंतिम दिन था। फीस जमा नहीं की गई क्योंकि क्लर्क सोमवार तक की जमा की गई फीस को जमा कराने भिवानी बैंक गया हुआ है क्यों कि फीस एक ही दिन जमा करवानी होती है। उन्होंने बताया कि उन्हें सूचना मिली है कि अब 12 फरवरी तक छात्र रिअपीयर की फीस बिना लेट फीस के जमा करवा सकते हैं।