- Hindi News
- बुजुर्ग का एटीएम बदलकर निकाले 40 हजार रुपये
बुजुर्ग का एटीएम बदलकर निकाले 40 हजार रुपये
गांवबागनवाला निवासी एक व्यक्ति का एटीएम बदलकर उसके खाते से 40 हजार रुपये निकाले जाने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित ने इस मामले की शिकायत पुलिस को दी है।
गांव बागनवाला निवासी प्रदीप ने बताया कि रविवार को उसके पिता रमेश कुमार का खाता पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम से पैसे निकालने के लिए आए थे। प्रदीप ने बताया कि उसके पिता को एटीएम मशीन की स्क्रीन साफ दिखाई नहीं दे रही थी। यह देख साथ खड़े एक लड़के ने कहा कि ताऊ मैं निकाल देता हूं पैसे। इस पर उस लड़के ने इसके बहाने उसके पिता के एटीएम का पिन कोड देखते हुए एटीएम बदल लिया।
इस बात का खुलासा उस समय हुआ जब सोमवार सुबह फोन पर तीन बार मैसेज आए और मालूम हुआ की खाते से 40 हजार की राशि निकल चुकी है। इसमें सुबह सात बजकर एक मिनट पर 15 हजार की राशि किसी अन्य के खाते में ट्रांसफर की गई। वहीं एक-एक मिनट के बाद 15 हजार और फिर दस हजार की राशि निकाली गई। प्रदीप ने बताया कि इसके बाद एटीएम को लेकर वे भिवानी स्थित पीएनबी बैंक में गए तो मालूम हुआ की उनका एटीएम बदला जा चुका है। बदले गए एटीएम के बारे में जानकारी ली गई तो यह एटीएम दादरी के पास एक गांव के व्यक्ति का मिला। प्रदीप ने बताया की एटीएम से जिस व्यक्ति के खाते में राशि ट्रांसफर की गई वह खाता अलवर का मिला है। खाते के साथ फोन नंबर भी मिल गया। प्रदीप ने बताया कि सोमवार को पैसे ट्रांसफर हुए खाताधारी से संपर्क किया गया तो उसने खाते में कोई पैसा आने से इंकार कर दिया। इसके बाद मंगलवार सुबह उस व्यक्ति का फोन आया की उनका एटीएम उसके पास है और आपका एटीएम हमारे पास है। इसलिए यहां आकर अपना एटीएम ले जाओ। प्रदीप ने बताया कि उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस को कर दी है।