- Hindi News
- माधव प्रसाद मिश्र के नाम पर हो विवि : प्रह्लाद
माधव प्रसाद मिश्र के नाम पर हो विवि : प्रह्लाद
हिंदीकी प्रथम मौलिक कहानी लड़की की बहादुरी नामक कहानी के कहानीकार गांव कुंगड़ निवासी पंडित माधव प्रसाद मिश्र के नाम पर हरियाणा के किसी भी एक विश्वविद्यालय का नामकरण किया जाना चाहिए। यह बात पूर्व एचसीएस अधिकारी प्रहलाद सिंह ने कही। वे शनिवार को हरियाणा साहित्य अकादमी के सौजन्य से हरियाणा प्रादेशिक हिंदी साहित्य सम्मेलन द्वारा श्रीसनातन धर्म संस्कृत महाविद्यालय में पंडित माधव प्रसाद मिश्र जयंती समारोह में बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे। हरियाणा प्रादेशिक हिंदी साहित्य सम्मेलन के महामंत्री आचार्य रमेश मिश्र ने कहा कि माधव मिश्र ने तत्कालीन समय में हिंदी का प्रचार प्रसार किया था। जिस समय भिवानी जैसे क्षेत्र को उजड़ गांव के नाम से पुकारा जाता था। हरियाणा सरकार द्वारा उनके नाम पर पुरस्कार दिया जाना सराहनीय है। समारोह के विशिष्ट अतिथि आचार्य मदन ने कहा कि हरियाणा के साहित्यकारों के साथ भेदभाव चिंता का विषय है। विद्वानों को उचित सम्मान दिलाए जाने का प्रयास किया जाना चाहिए। समारोह के विशिष्ट अतिथि गोबिंदाचार्य ने कहा कि हिंदी साहित्य के द्विवेदी युग का फिर से मूल्यांकन किया जाना चाहिए। इस काल का नामकरण माधव मिश्र के नाम पर किया जाना चाहिए। समारोह के अध्यक्ष प्रमुख शिक्षाविद कुलदीप शर्मा ने कहा कि माधव मिश्र के साहित्य का जन-जन में प्रचार किया जाना चाहिए। उनके साहित्य में सामाजिक बुराइयों का जोरदार विरोध किया गया है। समारोह में सुरेंद्र शर्मा धिराणियां, मनोज केजड़ीवाल, नत्थूसिंह तंवर, दिनेश सोनी, राजेश छाबड़ी मौजूद थे।
श्री सनातन धर्म संस्कृत महाविद्यालय में जयंती समारोह में पूर्व एचसीएस अधिकारी प्रहलाद सिंह जांगड़ा को सम्मानित करते आचार्य रमेश मिश्र, विनय मिश्रा अन्य।