ससुराल वाले कराना चाहते हैं देह व्यापार!
सीएमसाहब! मेरी ससुराल वाले मुझसे देह व्यापार कराना चाहते हैं। वे मुझ पर ताने मारते हुए कहते हैं कि उसे तो 50 हजार रुपये में खरीदकर लाया गया है। इस तरह की शिकायत बवानीखेड़ा क्षेत्र के एक गांव में ब्याही युवती ने बुधवार को सीएम विंडो में की है।
अपनी शिकायत में उक्त युवती ने बताया कि 2013 में उसकी शादी बवानीखेड़ा क्षेत्र के एक गांव के युवक से हुई थी। उसने बताया कि शादी के कुछ दिन बाद ही उसके ससुरालियों ने उसे परेशान करना शुरू कर दिया। वे उससे अपने मायके से बाइक लाने की मांग करने लगे। उन्होंने उसे धमकी देना शुरू कर दिया कि अगर वह अपने मायके से बाइक लेकर नहीं आई तो उसे जान से मार दिया जाएगा।
पीड़िता ने बताया कि इस बात को ध्यान में रखते हुए उसने इसकी शिकायत पुलिस में दी। पुलिस ने उसकी शिकायत पर ससुरालियों को तलब किया तो उन्होंने उसके मायकेवालों के सामने अपनी ओर से माफी मांगनी शुरू कर दी। इस कारण उस समय उसने अपनी शिकायत वापस ले ली और ससुराल चली गई। पीड़िता ने बताया कि कुछ समय बाद उसके ससुरालियों का व्यवहार फिर पहले जैसा हो गया।
पुलिस ने नहीं की कार्रवाई
शिकायतकर्ताका आरोप है कि उसने इस बात को ध्यान में रखते हुए इसकी शिकायत पुलिस में कर दी। मगर पुलिस ने उसकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की। यहां तक की एक महिला दरोगा ने तो उसे यह धमकी तक दे डाली कि उसे जहां जाना है जाए, उसकी शिकायत जांच के लिए आनी तो उनके पास ही है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए उसने यह शिकायत बुधवार को सीएम विंडो में की है। इस बारे में एडवोकेट संतोष श्योराण ने बताया कि उक्त युवती के साथ वास्तव में अन्याय हो रहा है। इसलिए उसे इस बारे में न्याय मिलना चाहिए।
रात को भेज दिए कमरे में युवक
शिकायतकर्ताने बताया कि एक रात उसकी सास ने उसके कमरे में गांव के दो युवक भेज दिए। इस बात को लेकर जब उसने अपनी सास के सामने एतराज जताया तो उसने कहा कि वे उसे बिचौलिए के माध्यम से 50 हजार रुपये में खरीदकर लाए हैं। इसलिए उन्हें वे रुपये पूरे करने के लिए उससे यह धंधा करना होगा। पीड़िता ने बताया कि इस बात को लेकर उसके सभी ससुराली एकजुट हो गए और बोले कि वे उसे उसके मायके से खरीदकर लाए हैं। इसलिए अब उनकी मर्जी है कि वे उसे अपने साथ किस तरह रखें।