कौशल वृद्धि प्रशिक्षण शिविर लगाया
गांवकोंट के सामुदायिक केंद्र में मंगलवार को हिसार के लाला लाजपतराय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय विस्तार शिक्षा निदेशालय की ओर से राष्ट्रीय ग्रामीण विकास योजना के अंतर्गत चल रहे महिला कौशल वृद्धि प्रशिक्षण शिविर का समापन हो गया। पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के दौरान ग्रामीण महिलाओं को पशुओं से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के समापन अवसर पर पशु कल्याण बोर्ड के सदस्य डाॅ० दलीप सिंह सांगवान ने ग्रामीण महिलाओं को खनिज मिश्रण किट प्रमाण पत्र वितरित कर सम्मानित किया। डाॅ दलीप सांगवान ने कहा कि ग्रामीण महिलाएं दुग्ध उत्पादन एवं पशु पालन में अपना अहम योगदान दे रही हैं। ऐसे में महिलाओं का पशु पालन क्षेत्र में जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है। इससे वे अपने परिवार की आमदनी भी बढ़ा सकती हैं। प्रशिक्षण शिविर के आयोजक डाॅ धर्मबीर दहिया ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर में ग्रामीण महिलाओं को पशुओं में होने वाली बीमारियों, उनके रखरखाव, के अलावा टीकाकरण प्रबंधन एवं प्रजनन संबंधी पहलुओं की जानकारी दी गई।