- Hindi News
- 50 करोड़ से होगा चौधरी बंसीलाल विवि में विकास
50 करोड़ से होगा चौधरी बंसीलाल विवि में विकास
चौधरीबंसीलाल विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए खुशखबरी है। विश्वविद्यालय में पढ़ाई के साथ साथ विद्यार्थियों को खुल सुविधाओं के लिए भी कहीं और नहीं जाना पड़ेगा। विश्वविद्यालय के विकास निर्माण कार्यों के लिए कुल 50 करोड़ रुपयों की राशि मंजूर की गई थी। इसी को लेकर हाल ही में हरियाणा सिविल सचिवालय, चंडीगढ़ में संपन्न हुई विश्वविद्यालय की वित्त कमेटी की बैठक में विश्वविद्यालय में प्रस्तावित निर्माण एवं विकास कार्यों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई तथा बजट को मंजूरी प्रदान कर दी गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन के पास 10 करोड़ रुपये पहले ही प्राप्त हो चुके हैं और जैसे ही ये रुपये समाप्त हो जाएंगे 40 करोड़ रुपये विश्वविद्यालय प्रशासन को मिल जाएंगे। इससे विश्वविद्यालय को एक नई गति मिलेगी। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर एसके गक्खड़ ने बैठक की अध्यक्षता की थी।
कमेटी के सदस्य सचिव विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार प्रोफेसर भगवान सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय के लिए स्वीकृत राशि में से शैक्षणिक भवनों, लाइब्रेरी, बाउंड्री वाल, ब्वायज गर्ल्स हास्टल का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही वर्तमान विश्वविद्यालय परिसर में अतिरिक्त फ्लोर का निर्माण कराने के कार्य को भी मंजूरी प्रदान की गई है। विश्वविद्यालय में खेल सुविधाओं का विस्तार करने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा तथा इसके लिए भी बैठक में चर्चा की गई। इसके तहत विश्वविद्यालय में वालीबॉल, फुटबॉल, तैराकी, लॉन टेनिस, हॉकी, बैडमिंटन सहित सिंथेटिक ट्रैक बनाया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को काफी राहत मिलेगी। बैठक में खेल युवा मामले विभाग अतिरिक्त मुख्य सचिव डाॅ. केके खंडेलवाल, अतिरिक्त मुख्य सचिव, उच्चतर शिक्षा विभाग विजय वर्धन, , पीके दास, प्रधान सचिव वित्त विभाग, कमेटी के सदस्य सचिव भगवान सिंह शामिल हुए थे
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की से मिलने वाली 35 जमीन का इंतजार
बंसीलाल विश्वविद्यालय बनाने के लिए सरकार ने 35 एकड़ जमीन राजकीय कॉलेज प्रांगण में 35 एकड़ जमीन हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड से मिलनी है। राजकीय कॉलेज से तो जमीन मिल चुकी है लेकिन अभी तक शिक्षा बोर्ड की तरफ से जमीन नहीं दी गई है। विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार भगवान सिंह ने बताया कि वह इस बारे में शिक्षा बोर्ड को पत्र लिख चुके हैं और उम्मीद है कि जल्द ही शिक्षा बोर्ड जमीन दे देगा