- Hindi News
- विधवा से कहा समझौता हो गया, पुलिस के सामने बता दिया चरित्रहीन
विधवा से कहा समझौता हो गया, पुलिस के सामने बता दिया चरित्रहीन
डीएसपीसाहब! गांव के लोगों ने गुरुवार सुबह गांव में पंचायत की और मुझसे बोले कि उसके साथ छेड़छाड़ करने वाले युवकों के साथ उसका समझौता करा देंगे। मगर बाद में वे लोग भिवानी आकर एसपी के सामने मेरे चरित्र पर आरोप लगा मेरे खिलाफ कार्रवाई की मांग कर गए। अब मैं भी उन युवकों को माफ नहीं करूंगी जिन्होंने उसके साथ छेड़छाड़ की। यह बात खरक की एक महिला ने शुक्रवार को डीएसपी हेडक्वार्टर मौजी राम से कही। डीएसपी ने महिला को आश्वासन देते हुए कहा कि वे इस मामले में नए सिरे से जांच कराएंगे।
खरक निवासी विधवा ने बताया कि पांच दिसंबर की शाम अपने घर पूजा पाठ कर रही थी। उस समय उसकी बेटियां अपना होमवर्क कर रही थी। तभी गांव के तीन युवक उसके घर में घुस आए। उन युवकों ने उसके साथ छेड़छाड़ करनी शुरू कर दी। यह देख उसने शोर मचाया तो पड़ोस के ही रिश्ते में देवर लगने वाले युवक ने आकर उसका बचाव करना चाहा तो उन युवकों ने उस पर भी हमला कर दिया। मगर उसके रिश्ते में देवर लगने वाले युवक ने किसी तरह उस दिन उसकी इज्जत का बचाव कर लिया। इस बारे में उसने खरक चौकी में शिकायत भी दी। मगर पुलिस ने इस मामले में कोई कार्रवाई कर युवकों के खिलाफ मामूली कहासुनी का चालान पेश कर उन्हें जमानत पर छुड़वा दिया।
महिला ने कहा कि इस बात को ध्यान में रखते हुए उसने अपनी आवाज उठानी शुरू की तो गुरुवार को गांव के लोगों ने एक पंचायत की। उसमें गांव के लोगों ने उसका उन युवकों के साथ समझौता कराने का आश्वासन दिया तो वह इसके लिए तैयार हो गई थी। इस दौरान गांव के लोगों ने कहा था कि वे उन युवकों से उसके सामने माफी मंगवा देंगे। मगर बाद में वे लोग एसपी के पास ही पहुंच गए। वहां उन्होंने उस पर ही आरोप लगाते हुए कहा कि यह मामला छेड़छाड़ का होकर मामूली विवाद का है। इसके अलावा जो महिला उन युवकों पर आरोप लगा रही है उसका खुद का ही चरित्र खराब है। इसलिए पुलिस उन युवकों के खिलाफ कार्रवाई करने की बजाए उसके खिलाफ कार्रवाई करे। महिला ने बताया कि इसकी जानकारी उसे शुक्रवार सुबह समाचार पत्र पढ़ने के बाद मिली। इस पर वह युवकों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर डीएसपी के पास आई है।