भिवानी/ कैरू। बूंदाबांदी और ठंडी हवाओं ने शनिवार को मौसम का रुख बदल दिया है। इसके साथ अिधकतम तापमान में सात और न्यूनतम में दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार को जिले का अधिकतम तापमान 24 तो न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम विज्ञानियों के अनुसार रविवार को भी मौसम का हाल ऐसा ही रहेगा। हल्की बारिश के साथ ठंडी हवाएं चलने की संभावना है और तापमान में भी गिरावट आएगी।
दूसरी ओर किसानों की फसल दिन में गर्मी और रात को ठंडक के कारण उखेड़ा रोग की चपेट में आने लगी थी। इसलिए किसान इस बात को लेकर चिंतित थे कि आखिर सही सर्दी का सीजन कब से शुरू होगा। मगर शनिवार सुबह हुई बूंदाबांदी और उसके बाद गिरे तापमान से बढ़ी ठंड ने किसानों की चिंता को कुछ हद तक दूर कर दिया है। इस बारे में कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अमरजीत सिंह ने कहा कि जो किसान इस समय गेहूं की पछेती बिजाई कर रहे हैं वे मौसम साफ होने तक बिजाई का काम रोक दें।
उन्होंने कहा कि किसान मौसम साफ होने के बाद ही यह काम शुरू करें। इसी कड़ी में शनिवार सुबह पांच बजे लगभग पूरे जिले में बादल छाने के साथ ही बूंदाबादी शुरू हो गई। इस दौरान जिले में अधिकतम तापमान 17 तो न्यूनतम 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा दिन में 16 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवा ने भी शीतलहर का रूप ले लिया।
नॉलेज: इस तरह होती है सर्दी की दस्तक : दिसंबर के पहले सप्ताह तक भूमध्य सागर से चक्रवाती हवाएं उठकर हिमालय की तरफ रूख कर रही थीं, लेकिन अब हिमालय की तरफ रूख कर यह हवाएं उत्तर पश्चिम भारत में प्रवेश कर रही हंै। जो सबसे पहले पहाड़ी इलाकों में
बर्फबारी करती है, जिसके बाद समतली इलाकों में पहुंचती है। इसे पश्चिमी विक्षोभ कहा जाता है। इन हवाओं के प्रवेश से ही बारिश होती है, जिससे ठंड बढ़ती है।
आसमानी बिजली गिरी : बूंदाबांदी के दौरान आसमानी बिजली हालु मोहल्ला निवासी संजय के मकान की छत पर बनी पानी की टंकी गिर गई। गनीमत रही जान माल का नुकसान नहीं हुआ।