- Hindi News
- खाना पकाती बहू पर केरोसिन डाल लगाई आग, सास पर केस
खाना पकाती बहू पर केरोसिन डाल लगाई आग, सास पर केस
गांवमानहेरू में एक महिला पर खाना बनाते हुए उसी की सास ने केरोसिन तेल छिड़ककर आग लगाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित महिला के बयान दर्ज कर उसकी सास के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव मानहेरू निवासी 40 वर्षीय सविता ने बताया कि 11 दिसंबर की सुबह वह घर में खाना पका रही थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसकी सास के साथ अनबन हो गई। महिला का आरोप है कि उसकी सास मुन्नी देवी ने घर में अंदर रखी केरोसिन की पीपी उठाकर उस पर उड़ेल दी। चूल्हे से उठ रही लपटों से उसके कपड़ों ने आग पकड़ ली। आग की लपटों से घिरी महिला ने जोर जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया। महिला की आवाज सुनकर आसपास के लोग एकत्रित हो गए और उसे लेकर एक निजी अस्पताल पहुंचे। चिकित्सकों के अनुसार महिला 20 फीसदी झुलस गई है। घायल महिला का सदर पुलिस के जांच अधिकारी एएसआई आनंद ने बयान दर्ज किए। जांच अधिकारी आनंद ने बताया कि पीड़ित महिला के बयान के आधार पर उसकी सास मुन्नी देवी के खिलाफ हत्या प्रयास का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।