- Hindi News
- पावर ग्रिड अधिकारियों के खिलाफ पंचायत 21 को
पावर ग्रिड अधिकारियों के खिलाफ पंचायत 21 को
भिवानी | पावरग्रिड कारपोरेशन के अधिकारियों की मनमानी तानाशाही रवैये को लेकर निमड़ीवाली, कितलाना, अजीतपुर ढाणा नरसान के ग्रामीणों की पंचायत गांव निमड़ीवाली के पंचायत घर में शनिवार को हुई। इस पंचायत में अधिकारियों की कार्यशैली तानाशाही रवैये की निंदा की गई। इस दौरान युवा जागृति मंच के प्रधान राकेश आर्य ने बताया कि पावर ग्रिड द्वारा बिजली आपूर्ति के लिए खंभे लगाने का काम किया जा रहा है, लेकिन ग्रिड अधिकारियों द्वारा उन्हें पर्याप्त मुआवजा नहीं दिया जा रहा। किसानों की जमीन को अधिग्रहण के नाम पर छीना जा रहा है। अभी तक जिन किसानों की जमीन पर खंभे लगाए गए हैं, उन्हें भी उचित मुआवजा नहीं गया है। इस संबंध में शुक्रवार को सांसद धर्मबीर सिंह को भी ग्रामीणों द्वारा अवगत कराया था। सांसद ने उनकी मांग सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन भी दिया है। उन्होंने बताया कि इसी विषय को लेकर 21 दिसंबर को आस पास के गांवों के मौजिज लोगों की पंचायत बुलाई है, जिसमें आगामी रणनीति तय की जाएगी।