- Hindi News
- बलियाली के सुरेश से बोलेरो छीनने के आरोप में हांसी के दो गिरफ्तार
बलियाली के सुरेश से बोलेरो छीनने के आरोप में हांसी के दो गिरफ्तार
भास्कर न्यूज | हांसी/भिवानी
तोशामचुंगी के समीप हथियारों के बल पर बोलेरो छीनने के आरोपी आसपास के ही निकले। पुलिस ने वारदात को अंजाम देने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। इनमें हांसी के अंबेडकर नगर का रहने वाला सोनू और दूसरा ढाणीपाल का सतीश है। पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें दो दिन के रिमांड पर भेज दिया गया।
हथियारों के बल पर बोलेरो गाड़ी छीनने की घटना चार दिसंबर की शाम को हुई थी। बलियाली का रहने वाला सुरेश टेंपरेरी नंबर की बोलेरो से कुछ लोगों को अग्रोहा छोड़ने गया था। वह घर लौट रहा था कि शहर में तोशाम रोड पर उसने गाड़ी रोक दी। गाड़ी रुकते ही तीन युवक खिड़कियों खोलकर जबरन सवार हो गए।
उन्होंने सुरेश पर पिस्तौल तान दी और हथियारों के बल पर उसे भिवानी जिले में ले गए। रास्ते में बामनी खरकड़ी से पास उन्होंने सुरेश के हाथ-पैर बांध दिए और उसे सड़क किनारे फेंककर राजस्थान की तरफ फरार हो गए। किसी तरह से अपने हाथ-पैर खोलकर सुरेश तत्काल लोहारू थाना पहुंचा और वारदात की जानकारी दी। लोहारू पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर ली। मामले को तफ्तीश और अगली कार्रवाई के लिए हांसी भेजा गया। सिटी पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी। हालांकि यह भी बताया जा रहा है कि छीनी गई बोलेरो को उसी दिन राजस्थान में रतनगढ़ के समीप बरामद कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि थाना शहर में तीनों युवकों के खिलाफ छह दिसंबर को दंड संहिता की धारा 395, 397 आम्र्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस रिमांड के बाद दोनों को 15 दिसंबर को फिर से अदालत में पेश किया जाएगा।