पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • बैपटिस्ट स्कूल की जगह पर अवैध निर्माण रुकवाया

बैपटिस्ट स्कूल की जगह पर अवैध निर्माण रुकवाया

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भिवानी | हांसीचौक के समीप बैपटिस्ट सीनियर सेकंडरी स्कूल की जगह पर चल रहे अवैध निर्माण को शनिवार दोपहर सिटी पुलिस ने रुकवा दिया। पुलिस को बैपटिस्ट यूनियन नॉर्थ इंडिया ट्रस्ट नई दिल्ली के मैनेजर सोल्मन डेविड ने शिकायत दी थी। इस शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निर्माण के काम को रुकवा दिया और मजदूरों को वहां से भगा दिया। दरअसल बैपटिस्ट सीनियर सेकंडरी स्कूल की जगह कुछ रिहायशी क्वाटर बने हुए हैं। दशकों पुरानी इस रिहायश में सालों से टीचिंग स्टाफ के कुछ परिवार काबिज हैं। मगर, ये परिवार यहां पर रहने के अलावा जगह पर फिर से निर्माण नहीं करा सकते। स्कूल प्रबंधन की मानें तो विद्यालय प्रांगण में बने क्वार्टरों में एक टीचर की बेटी ने अवैध तरीके से पुराने निर्माण को तुड़वाकर नया निर्माण कराना शुरू कर दिया। जब इसकी भनक विद्यालय प्रबंधन को लगी तो उन्होंने इस निर्माण पर कड़ा एतराज जताया। लेकिन फिर भी निर्माण कार्य नहीं रुका तो इसकी शिकायत पुलिस को दी गई।

बैपटिस्ट सीनियर सेकंडरी स्कूल की जगह पर अवैध कब्जों का यह कोई नया मामला नहीं है। इससे पहले भी जगह को दबाने का प्रयास किया गया, लेकिन प्रबंधन की ओर से ठोस कदम उठाने पर मंसूबे नाकाम रहे।

नहीं करा सकते उनकी जगह पर कोई निर्माण

बैपटिस्ट यूनियन नॉर्थ इंडिया ट्रस्ट के मैनेजर सोल्मन डेविड ने बताया कि विद्यालय की जमीन पर कोई भी निर्माण नहीं करा सकता है। बैपटिस्ट स्कूल की जगह पर किसी का कोई लेना-देना नहीं है। अगर कोई भी इस तरह का प्रयास करता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

निर्माण रुकवा दिया है: जांच अधिकारी

बीटीएम पुलिस चौकी के जांच अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि पुलिस को स्कूल की जगह पर अवैध रूप से निर्माण करने की शिकायत मिली थी। इस पर मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल के बाद निर्माण कार्य बंद करा दिया गया है। पुलिस इस संबंध में अपनी तरफ से कार्रवाई कर रही है।