भिवानी। रविवार सुबह 11 बजे जैन पुलिस चौकी में पुलिस पब्लिक मीटिंग का आयोजन किया गया। इस अवसर पर डीएसपी हेडक्वार्टर मौजीराम सिटी पुलिस थाना प्रभारी संदीप शर्मा उपस्थित थे। चौकी प्रभारी एएसआई दशरथ शर्मा ने पुलिस अधिकारियों क्षेत्र के मौजिज लोगों का स्वागत किया। मीटिंग में चार वार्डों के पार्षदों ने भी हिस्सा लिया। डीएसपी मौजीराम की अध्यक्षता में हुई मीटिंग में चौकी के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र में पांच पांच लोगों की कमेटियां बनाकर बाहरी कॉलोनियों में रात को ठीकरी पहरा देने का फैसला लिया गया।
डीएसपी मौजीराम ने कहा कि जिन मार्केटों में चौकीदार नहीं हैं, वहां पर चौकीदारों की व्यवस्था जल्द की जाए। इसके अलावा क्षेत्र के जिन मकानों में किरायेदार रह रहे हैं, उनकी पुलिस वेरिफिकेशन कराई जाए। डीएसपी ने कहा कि पुलिस, पब्लिक और चौकीदारों की सतर्कता से ही चोरियों की वारदात पर अंकुश लगाया जा सकता है।
डीएसपी ने लोगों पुलिस कर्मचारियों का आह्वान करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के संबंध में उससे पूछताछ की जाए और उसकी गतिविधियों पर भी निगरानी रखें। समय रहते ऐसे व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को भी दें, ताकि अपराध को अंजाम देने से पहले ही अपराधी को दबोचा जा सके। सिटी पुलिस इंस्पेक्टर संदीप शर्मा ने भी लोगों को पुलिस का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस पब्लिक मिलकर अपराधों को कम कर सकती है।
इस अवसर पर चौकी प्रभारी दशरथ शर्मा ने डीएसपी के समक्ष चौकी के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर उठाए गए कदम और ऐहतियात के संबंध में जानकारी दी। इस अवसर पर वार्ड नंबर सात के पार्षद निरंजन वाल्मीकि, वार्ड 12 के पार्षद ललित कुमार, वार्ड 10 की महिला पार्षद शीला गौरा के पति भीम गौरा, वार्ड नंबर 13 से पार्षद आशा चावला के पति प्रवीण चावला, वार्ड नंबर 8 से महिला पार्षद पति मांगेराम शर्मा, नप पूर्व चेयरमैन किशन वर्मा, मदनलाल वर्मा, चंद्र डेयरीवाला, किरयाणा एसोसिएशन के अध्यक्ष गिरधारीलाल, हलवाई यूनियन के अध्यक्ष रोशनलाल, ढाणा रोड से जोरावर सिंह, कोंट रोड से पूर्व डीएसपी दिलबाग सिंह सहित अनेक लोग मौजूद थे।
(जैन चौक पुलिस चौकी में पुलिस पब्लिक बैठक को संबोधित करते डीएसपी मौजीराम, साथ में संदीप कुमार चौकी इंचार्ज दशरथ शर्मा।)