मयंक, कपिल और पीयूष बने शतरंज चैंपियन
नईअनाज मण्डी स्थित जनसेवा विद्या विहार हाई स्कूल में चल रही एचसीए की 14वीं राज्य स्तरीय ईनामी शतरंज चैंपियनशिप रविवार को संपन्न हुई। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में 20 जिलों के 276 से ज्यादा खिलाड़ियों ने भाग लिया। रविवार को अंतिम मुकाबले कराए गए। इनमें अंडर 10 आयुवर्ग में दादरी के मयंक वत्स अंडर 14 में वर्धमान स्कूल दादरी के कपिल शर्मा ने बाजी मारी। इसी प्रकार अंडर 18 में रोहतक के पीयूष खुराना ओपन वर्ग में रोहतक के सूरज दहिया चैंपियन रहे। विजेताओं को पुरस्कार वितरित करते हुए सीटीएम जगदीप सिंह ने कहा कि शतरंज में प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर पदक प्राप्त कर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। शतरंज से दिमाग की कसरत होती है। इसलिए ऐसी प्रतियोगिताओं में बच्चों को बढ़ चढ़कर भाग लेना चाहिए। खेल खिलाड़ी की कर्मभूमि होती है। इसलिए इस क्षेत्र में अनुशासनहीनता से बचना चाहिए। एचसीए के प्रदेश महासचिव कुलदीप शर्मा ने बताया कि इस चैंपियनशिप के आधार पर ही प्रदेश शतरंज टीम चुनी गई जो 25 से 27 दिसंबर तक राजस्थान में होने वाली अखिल भारतीय नेशनल शतरंज प्रतियोगिता में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगी। अखिल भारतीय स्पर्धा के लिए चुने गए खिलाड़ियों का खर्च एचसीए की ओर से वहन किया जाएगा।उन्होंने बताया कि अंडर 10 आयुवर्ग में दादरी के मयंक वत्स, गौरव, महेंद्रगढ़ के अक्षय राव पहले से तीसरे स्थान पर रहे। अंडर 14 आयुवर्ग में दादरी के कपिल शर्मा, हिसार के पुनीत इंदौरा, हिसार के गविश चोटानी ने पहले से तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं, अंडर 18 आयुवर्ग में रोहतक के पीयूष खुराना, दादरी के कौशल वत्स, दादरी के उदित रोहिल्ला ने पहले से तीसरा स्थान पाया। ओपन वर्ग में रोहतक के सूरज दहिया, सुमित सांगवान इंजीनियर कुलदीप शर्मा पहले से तीसरे स्थान पर रहे।
इस मौके पर स्कूल प्रधान हनुमान प्रसाद, प्राचार्य मुन्नी भारद्वाज, प्रदीप भारद्वाज, सुभाष, सुरेश शर्मा, आरके शर्मा, जेपी शर्मा, सज्जन गर्ग, जयपाल शर्मा, संजय सोनी आदि थे।