लोहारू। शनिवार देर शाम को गांव बडदू चैना में टाइल फैक्ट्री में काम करने वाले प्रवासी मजदूर की ट्रैक्टर के नीचे दबने से मौत हो गई। लोहारू पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी। यूपी का की पीलीभीत का रहने वाला 30 वर्षीय सुरेश काफी अर्से से गांव बडदू चैना स्थित एक टाइल फैक्ट्री में काम कर रहा था। साथी मजदूर रामसागर ने बताया कि सुरेश शनिवार शाम को गांव में टाइल सप्लाई करने के लिए ट्रैक्टर पर गया हुआ था।
ट्रैक्टर का अचानक संतुलन बिगड़ गया। इस वजह से वह नीचे गिर गया। ट्रैक्टर का टायर उसकी छाती के ऊपर से गुजर गया। गंभीर रूप से घायल हुए सुरेश को साथी मजदूर ढिगावा के अस्पताल में लेकर पहुंचे, जहां से उसकी गंभीर हालत होने पर जिला सामान्य अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन सुरेश ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। चिकित्सकों ने उसे अस्पताल पहुंचने के बाद मृत घोषित कर दिया।
लोहारू पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और इस संबंध में जांच पड़ताल शुरू कर दी।