- Hindi News
- लीकेज से शहर में पानी गंदा कर रहे 16 पेयजल कनेक्शन काटे
लीकेज से शहर में पानी गंदा कर रहे 16 पेयजल कनेक्शन काटे
शहरमें सप्लाई होने वाले पानी को गंदा करने वाले पानी के कनेक्शनों को जनस्वास्थ्य विभाग ने काटना शुरू कर दिया है। इस अभियान के तहत विभाग ने शहर के 16 उपभोक्ताओं का पानी का कनेक्शन काट दिया है। इस बारे में विभाग ने चेतावनी दी है कि अगर लोगों ने अपने पुराने पाइपों को नहीं बदला तो विभाग इस तरह के कनेक्शनों को काटने का अभियान जारी रखेगा।
वैसे तो सर्दी के मौसम में शहर में पानी की सप्लाई में किसी तरह की दिक्कत नहीं रही। इसके अलावा जनस्वास्थ्य विभाग ने गर्मी के मौसम में भी पानी की सप्लाई में कमी नहीं आने देने के लिए पूरे प्रबंध किए हुए हैं। मगर इन दिनों शहर के कई क्षेत्रों से जनस्वास्थ्य विभाग को ये शिकायतें मिल रही हैं कि उनके क्षेत्रों में गंदा पानी सप्लाई हो रहा है।
इसी बात को ध्यान में रखते हुए पिछले साल विभाग ने शहर में एक अभियान चलाया था। इसके तहत विभाग ने शहर में यह सर्वे किया था कि आखिर इस दूषित पानी की सप्लाई किन कारणों से हो रही है। विभाग के इस सर्वे में यह सामने आया कि कुछ उपभोक्ता ऐसे हैं जिनके पानी सप्लाई के पाइप पुराने होने के कारण लीक हो चुके हैं। इसके अलावा उन पाइपों के नीचे या ऊपर से गंदे पानी की नालियां भी निकली हुई हैं। इस कारण जब लोगों के घरों में यह पानी जाता है तो वह इस तरह के कनेक्शनों के कारण गंदा पानी सप्लाई कर रहा है।
अवैध कनेक्शन भी बने हुए हैं बाधा
विभागके इस सर्वे के दौरान यह भी सामने आया कि जिन लोगों ने शहर में अवैध रूप से पानी का कनेक्शन लिया हुआ है उनकी पाइप पानी की लाइन से सही तरीके से नहीं जुड़ी हुई। इस कारण उन कनेक्शनों के माध्यम से भी शहर में गंदा और दूषित पानी सप्लाई हो रहा है। विभागीय सूत्रों की मानें तो उस सर्वे के दौरान विभाग को उस समय शहर में करीब चार हजार ऐसे कनेक्शनों की पहचान की थी।
^शहर में गंदा पानी सप्लाई होने का मुख्य कारण लोगों के घरों में जाने वाले पुराने पड़ चुके पाइप हैं। इसके अलावा अवैध कनेक्शन भी इस काम में बाधा बने हुए हैं। इसलिए हमने इस तरह के कनेक्शनों को काटना शुरू कर दिया है।\\\'\\\' संजीवकुमार त्यागी, एक्सईएन, पब्लिक हेल्थ।
दूषित पेयजल सप्लाई के कारण कनेक्शन काटते जनस्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी और काटा गया कनेक्शन।
अब काटने शुरू किए कनेक्शन
इसतरह के कनेक्शनों को ध्यान में रखते हुए विभाग ने इस तरह के कनेक्शन धारकों को चेतावनी देते हुए पुराने पाइपों को बदलवाने और अवैध कनेक्शनों को वैध कराने की बात कही थी। मगर इसका ज्यादातर उपभोक्ताओं पर असर नहीं पड़ा। दूसरी ओर हाल ही में विभाग के पास पटेल नगर, सोमवारी माता मंदिर क्षेत्र, लोहड़ चोपटा और कोंट रोड स्थित लक्ष्मी नगर में दूषित पानी सप्लाई होने की शिकायतें मिल रही थी। इसी बात को ध्यान में रखते हुए विभाग ने इन क्षेत्रों में जाकर दौरा किया तो वहां गंदे पानी की सप्लाई का मुख्य कारण पुरानी पाइप लाइन और अवैध कनेक्शन पाए गए। इस बात को ध्यान में रखते हुए विभाग ने पटेल नगर में चार, सोमवारी माता मंदिर क्षेत्र में चार, लोहड़ चोपटा में दो और लक्ष्मी नगर में छह कनेक्शन काट दिए। विभाग ने इस मामले में इस तरह के अन्य उपभोक्ताओं को भी चेतावनी दी है कि वे अपने पुराने पाइपों को बदलवा लें। ऐसा नहीं होने पर उनके भी कनेक्शन काट दिए जाएंगे।