- Hindi News
- डॉक्टर सुधा ने सीएमओ पर लगाया मानसिक प्रताड़ना का आरोप
डॉक्टर सुधा ने सीएमओ पर लगाया मानसिक प्रताड़ना का आरोप
जिलासामान्य अस्पताल में चिकित्सकों की खींचतान अब आरोप प्रत्यारोपों पर उतर आई है। जिला सामान्य अस्पताल की महिला चिकित्सा अधिकारी ने सीएमओ पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप जड़े हैं। महिला चिकित्सा अधिकारी(एसएमओ) ने इसकी शिकायत मुख्यमंत्री सहित राष्ट्रीय राज्य महिला आयोग के अलावा मानवाधिकार आयोग को भी भेजी है।
चौ. बंसीलाल जिला सामान्य अस्पताल में महिला वार्ड की प्रभारी डॉ सुधा गर्ग ने सीएमओ डॉ रणदीप सिंह पूनिया पर आरोप लगाया है कि डॉ पूनिया अपने पद का दुरुपयोग करते हुए पिछले काफी अर्से से उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं।
डॉ.सुधा के आरोप हैं कि सीएमओ सीधे तौर पर उसके उच्चाधिकारी नहीं होते हुए भी उनके खिलाफ जांच बैठा कर कुछ अधिकारियों से मिलीभगत कर उनके विरुद्ध कार्रवाई के आदेश निकाल रहे हैं। जिला सामान्य अस्पताल में लगे एसएमओ सीधे तौर पर पीएमओ के अंतर्गत आते हैं और किसी भी प्रकार की शिकायत या लापरवाही पर पीएमओ ही जांच के लिए सक्षम अधिकारी हैं। मगर सीएमओ उसे ह्रास करने के लिए उन पर अनाप शनाप आरोपों की जांच उनके जूनियर चिकित्सकों से करा रहे हैं, जो नियमों के विरुद्ध है।
सिविल सर्जन डॉ रणदीप सिंह पूनिया ने बताया कि मैं किसी को ह्रास नहीं करता हूं। उन पर महिला चिकित्सक द्वारा लगाए गए आरोप बेबुनियाद और पूरी तरह से निराधार हैं। किसी प्रकार की शिकायत पर तहकीकात कराना मेरा काम है और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई भी करेंगे। मेरी जानकारी में तो यह भी नहीं है कि किसी ने उनकी शिकायत की है।
जिला सामान्य अस्पताल की प्रसुति रोग विशेषज्ञ डॉ. सुधा गर्ग का कहना है कि सीएमओ अपनी हरियाणा सरकार के एक मंत्री के रिश्तेदार होने की धौंस दिखा रहा है। उन्होंने सीएमओ द्वारा मानसिक प्रताड़ित किए जाने पर सीएम शिकायत भेजकर उनके खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई किए जाने की मांग की है। उन्होंने सीएमओ द्वारा उनके खिलाफ स्वास्थ्य निदेशालय को भेजी गई रिपोर्ट को निरस्त करने की मांग भी की है।