भिवानी। अब किसी भी थाना क्षेत्र के अंतर्गत कोई आपराधिक घटना होती है तो इसका जिम्मेदार खुद थाना प्रभारी होगा। मंगलवार को जिले के थाना प्रभारियों की बैठक में एसपी के तीखे तेवर नजर आए। क्षेत्र में बढ़ रही चेन स्नेचिंग और लूटपाट की घटनाओं पर चिंता जताते हुए उन्होंने यह बात कही। उन्होंने अपराध रोकने के लिए तुरंत कड़े से कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए।
मंगलवार शाम को एपी सत्येंद्र गुप्ता ने जिले भर के सभी थाना प्रभारियों की मंथली क्राइम मीटिंग ली। एसपी ने कहा कि चुनावी माहौल में अगर किसी भी थाने के तहत आने वाले क्षेत्र में चेन स्नेचिंग या लूटपाट की वारदात होती है तो उसके लिए खुद थाना प्रभारी जिम्मेदार होगा।
इस तरह की वारदात के अलावा कोई अन्य आपराधिक मुकदमा दर्ज होने पर भी उसकी जवाबदेही तय की गई है। इसके लिए एसपी के समक्ष थाना प्रभारी को स्पष्टीकरण भी देना पड़ सकता है। उन्होंने विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सभी थाना प्रभारियों को उनके अंतर्गत दर्ज मुकदमों में अपराधियों को जल्द से जल्द पकड़ने के अलावा पीओ, बेल जंपर, हाई कोर्ट सुप्रीम कोर्ट के अरेस्ट वारंट में अभियुक्तों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
अवैध हथियार, अवैध शराब और एनडीपीएस एक्ट के तहत नशीले पदार्थों की तस्करी के मामलों में पुलिस द्वारा कड़ी निगरानी रखकर अंकुश लगाने की सख्त हिदायतें दी। एसपी ने कहा कि अपराध से निपटने में पुलिस तत्परता से काम करे।
सादी वर्दी में करें गश्त
चुनावीमाहौल के दौरान शहर में बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को ध्यान में रखते हुए अब पुलिस सादी वर्दी में भी घूमेगी। एसपी ने क्षेत्र में सादी वर्दी में पुलिस कर्मचारियों की गश्त लगाने की हिदायतें दी हैं। ये कर्मचारी किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखेंगे और मौके पर मददगार होंगे।
उठाया जाएगा हर संभव कदम: सत्येंद्र गुप्ता
एसपीसत्येंद्र गुप्ता ने बताया कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठाया जाएगा। पुलिस चुनावी माहौल में अमनचैन स्थापित रखने के लिए जरूरी कदम उठा रही है। इसमें पुलिस को लोगों का सहयोग भी जरूरी है। किसी भी प्रकार की कोई सूचना है तो तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते उस पर कड़ा संज्ञान लिया जा सके।
पुराने मामले निपटाएं : एसपी ने एक साल से पुराने मुकदमों में तत्परता से कार्रवाई कर इनका जल्द निपटारा करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस के पेंडिंग मामलों की मॉनिटरिंग खुद एसपी अगली क्राइम मीटिंग में करेंगे। अनुसंधान अभियोगों में भी बचे हुए अभियुक्तों को जल्द पकड़ने के निर्देश दिए।
एसपी ने सख्त लहजे में कहा है कि किसी भी पुलिस थाने में पीसीआर राइडर खड़ी मिलती है तो कड़ा संज्ञान लिया जाएगा। एसपी ने पीसीआर राइडर को लगातार अपने क्षेत्र की गश्त के काम पर लगाने की हिदायतें दीं। आम तौर पर पीसीआर राइडर किसी एक ठिकाने पर लगाकर कर्मचारी आराम फरमाते नजर आते हैं। अब एसपी खुद निरीक्षण में इसकी पुष्टि करेंगे।
पुलिस अधिकारियों की मंथली क्राइम मीटिंग में एसपी ने दिए सख्त निर्देश
थाने में खड़ी मिली पीसीआर राइडर तो खैर नहीं
(मीटिंग में पुलिस अधिकारियों को दिशा निर्देश देते पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र गुप्ता। )