पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • 15 रुपये की फूल माला हुई 30 रुपये की

15 रुपये की फूल माला हुई 30 रुपये की

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भिवानी। भले ही चुनावी खर्च में नेताओं के गले में डाली जाने वाली फूल मालाओं का हिसाब किताब जोडऩे में कोई चूक हो जाए, लेकिन भिवानी का फूल बाजार इस बार नवरात्रे और विधानसभा चुनाव के दौरान 50 लाख रुपये तक कारोबार का आंकड़ा जरूर छू लेगा। विधानसभा चुनाव और नवरात्रों ने फूल बाजार में तेजी ला दी है। यही वजह है कि दिल्ली का गेंदा और लोकल गेंदे के फूल का दाम भी आसमान छूने लगा है। चुनाव आयोग नेताओं के चुनावी खर्च में प्रति फूल माला का 15 रुपये के हिसाब से आंकलन करता है, मगर नवरात्रों की वजह से बाजार में फूल माला 30 रुपये के हिसाब से बिक रही है।

भिवानी फूल मार्केट में पहले नवरात्र पर करीब 7 क्विंटल गेंदे का फूल बिक्री हो गया। आने वाले आठ दिन नवरात्रों पर औसतन इसी दर से फूलों की बिक्री का कारोबार तेजी पकड़ेगा। इतना ही नहीं चुनावी जनसभाओं, रैलियों और जलसों के अलावा नेताओं की अगुवाई के लिए भी फूल मालाओं की खरीददारी में इजाफा होने लगा है। भिवानी की मार्केट में दिल्ली गाजीपुर मंडी से फूलों का आयात किया जाता है। दिल्ली में इस वक्त गेंदा 120 से 150 रुपये प्रतिकिलो के हिसाब से बिक रहा है। जबकि भिवानी में गेंदा 200 से 300 रुपये प्रति किलो बिक्री किया जा रहा है। कोलकाता गेंदे का भाव 140 से 160 रुपये के बीच है, जबकि देसी गेंदे का भाव 120 से 150 तक है। चांग मंडी के गेंदे का भाव भी 150 तक पहुंच चुका है। गेंदे के फूल की प्रति माला का भाव बाजार में 20 से 30 रुपये है।

भिवानी के नया बाजार फूलों के कारोबार का केंद्र बिंदु हैं, मगर इसके अलावा हांसी गेट, नेहरू पार्क के पास भी फूलों की दुकानें लग रही हैं। इन दुकानों पर चुनाव प्रचार में जुटे नेताओं श्रद्धाभाव में डूबे लोगों द्वारा इष्ट देव को रिझाने के लिए फूल मालाएं खरीदी जा रही हैं। नया बाजार के फूल विक्रेता रामकिशन फूलवाला ने बताया कि फिलहाल नवरात्रों के दौरान बाजार में तेजी आई हैं, धीरे धीरे चुनावी माहौल में भी रंग चढऩे लगेगा। इसी दौरान बाजार में इस बार फूलों के कारोबार का आंकड़ा ऊपर चढ़ेगा। औसतन 50 लाख रुपये का कारोबार होने की संभावना है।

(नया बाजार में बिक्री के लिए माला तैयार करता सुनील।)