किसानों को दी बाजार की नवीनतम जानकारी
भिवानी | किसानोंको मार्केट की नवीनतम की जानकारी देने के लिए राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक द्वारा जिला स्तरीय कार्यशाला सोमवार को लगाई गई। इसमें जिला विकास प्रबंधक नाबार्ड वीबी नेगी ने किसानों को लेन देन संबंधी जानकारी दी। डीडीएम ने बताया कि किसानों को भावी सौदे तय करने के लिए वायदा संविदा के अनुसार वायदा बाजार, वित्तीय एवं इंडैक्स बाजार के अनुसार काम करना चाहिए। यह क्रेता और विक्रेता के बीच सहमत कीमत पर निर्धारित क्रय विक्रय का करार होता है। ऐसा करने से भारतीय वस्तु एक्सचेंजों का विकास होता है। इसके अलावा किसानों की सुविधा के लिए सरकार द्वारा फारवर्ड कांट्रेक्ट्स रेगुलेशन एक्ट के तहत मार्केट कमीशन प्राप्त होता है। उन्होंने बताया कि भारतीय वायदा एक्सचेंजों के विकास में वायदा ट्रेडिंग को बढ़ावा देने पर बल दिया जा रहा है। वायदा संविदा करने से विक्रेताओं को लाभ मिलता है तथा एक्सचेंज के चार्जों में भी कमी आती है। उन्होंने बताया कि किसानों को कीमत खोजना, जोखिम प्रबंधन, कीमत बताना, बाजार सतर्कता और निपटान की सुविधा भी मिलती है।
राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक द्वारा आयोजित जिला स्तरीय कार्यशाला में किसानाें को संबोधित करते जिला विकास प्रबंधक नाबार्ड वीबी नेगी।