भिवानी। बुधवार सुबह 10 बजकर 20 मिनट पर भिवानी रेलवे जंक्शन पर ट्रेन में चढ़ते समय एक महिला के गले से सोने की चेन तोड़ ली। पीड़ित महिला ने इसकी शिकायत जीआरपी को दी है। न्यू भारत नगर कॉलोनी निवासी सुशीला ने बताया कि वह गंगानगर पैसेंजर ट्रेन की टिकट खरीदकर रेवाड़ी जाने के लिए चढ़ रही थी। ट्रेन में चढ़ते समय यात्रियों की काफी भीड़ थी, इसी दौरान धक्का-मुक्की में किसी ने उसके गले से सोने की चेन तोड़ ली।
सुशीला ने बताया कि उसकी दो तोले सोने की चेन टूटने का जब उसे आभास हुआ तो उसने शोर मचाया। लेकिन चोर कब चकमा देकर वहां से रफूचक्कर हो गया, पता ही नहीं चला। हैरत की बात तो यह है कि रेलवे स्टेशन पर सीसी टीवी कैमरे भी लगे हुए हैं, लेकिन इसके बावजूद भी महिला के गले से सोने की चेन टूट गई। फिलहाल जीआरपी ने पीड़ित महिला की शिकायत पर छानबीन शुरू कर दी है। चोर का सुराग लगाने के लिए पुलिस भिवानी जंक्शन के प्लेटफार्म पर लगे सीसी टीवी कैमरे की फुटेज भी खंगालेगी।
सुशीला ने बताया कि वह अकेली थी और अपनी रिश्तेदारी में जा रही थी। जैसे ही वह सामान के साथ ट्रेन में चढ़ने लगी तो ठीक उसी समय उसके गले पर झपटमारी की गई थी। लेकिन जब तक उसने पीछे मुड़कर देखा तब तक यात्रियों ने उसे ट्रेन में अंदर धकेल दिया था। बाद में वह रेवाड़ी रवाना होने के बजाय जीआरपी चौकी पहुंच गई।