भिवानी। पुलिस ने शहर में बेतरतीब चलने वाले ऑटो रिक्शाओं और प्राइवेट बस संचालकों पर नकेल कस दी है। बुधवार को ट्रैफिक थाने में डीएसपी मौजी राम ने ऑटो यूनियनों के पदाधिकारियों की बैठक ली। बैठक में ऑटो चालकों को 17 दिसंबर तक कागजात पूरे करने और यातायात के नियमों का पालन करने का पाठ पढ़ाया गया। इसके अलावा उन्हें सख्ती से निर्देश दिए गए यदि ऑटो में म्यूजिक बजाया और बारातों में स्कूल बसें दिखाई दीं तो उन्हें इंपाउंड कर दिया जाएगा। इसी तरह की सख्ती निजी बस चालकों पर की जाएगी। नियम तोड़ने वाले वाहनों के चालान के साथ उन्हें इंपाउंड भी किया जाएगा।
डीएसपी ने दोनों यूनियन के प्रधानों को ऑटो के कागजात पूरे कराने के निर्देश देने के लिए थाने में बुलाया था। उल्लेखनीय है कि ट्रैफिक पुलिस ने शहर में चलने वाले साढ़े तीन हजार ऑटो चालकों के लिए एक दिसंबर से 9 दिसंबर तक कागज चेक कराओ अभियान चलाया था। इस दौरान 3500 ऑटो चालकों में से मात्र 150 ने ही कागजात चेक करवाए थे। अब दोबारा से कागजातों की चेकिंग 17 दिसंबर तक होगी, उसके बाद समय अवधि नहीं बढ़ाई जाएगी। उसके बाद बिना दस्तावेज वाले ऑटो को सीधा इंपाउंड किया जाएगा। इस अवसर पर ट्रैफिक एसएचओ अनूप सिंह सहित अनेक टैफिक पुलिस कर्मचारी सहित ऑटो चालक उपस्थित थे।
डीएसपी ने बैठक में पहुंचे सभी ऑटो चालकों यूनियन के प्रधानों को दिशा निर्देश देते हुए कहा कि वे 17 दिसंबर तक अपने सभी कागजात पूरे करा लें। इसके बाद पहचान के लिए सभी ऑटो चालकों को एक विशेष नंबर दिया जाएगा। कोई भी चालक अपने ऑटो में म्यूजिक नहीं बजाएगा। ऑटो चालक सवारी देखते ही कहीं भी ब्रेक लगा देते हैं, जो गलत है। सवारी को उतारते बैठाते समय चालक सड़क के किनारे ही ऑटो के ब्रेक लगाएगा। प्राइवेट बस चालक अपनी बस में क्षमता से अधिक सवारी बैठाएं, ऐसे करने पर उनका चालान काटा जाएगा। जिस बस की अवधि आरसी के हिसाब से समाप्त हो चुकी है, वे उन बसों को सड़कों पर चलाएं।
एसपी अश्विन शैणवी ने बताया कि स्कूलों वालों को ध्यान रखना होगा कि वे नियमों का ध्यान रखें। स्कूल बस में आरसी, प्रदूषण, ड्राइवर का लाइसेंस सहित अन्य कागजात को बस में रखें ताकि चेकिंग करते समय किसी प्रकार की परेशानी हो। कोई भी स्कूल संचालक अपनी बस को बारात के लिए प्रयोग नहीं करेगा। अगर कोई भी स्कूल बस किसी बारात में पाई गई तो उसे सीधा इंपाउंड कर दिया जाएगा।
डीएसपी के सामने ही यूनियन प्रधानों में कहासुनी : डीएसपी साहब! यो अपणे आप नै आटो आल्यां का प्रधान कहवै सै, अर आटो के नकली बीमे करवा कै तीन लाख का घपला करग्या था। जै यो साच्चा प्रधान हो नै तो म्हारे तै थाना कै बाहर क्यूं नहीं मिलदा। अर यो तो बिचारे रेहड़ियां आला पै भी अपनी धौंस जमा कै उन पै हफ्ता लेवै सै। थोड़े महीना पहल्यां भी ऑटो पै स्टीकर चिपकवाण म्हैं भी यो अस्सी हजार रुपये खाग्या था। हमनै तो इसका बहिष्कार भी कर राख्या सै, फेर भी यो अपणे आप ने प्रधान कहवै सै। ये आरोप हरियाणा ऑटो यूनियन के प्रधान राजेंद्र
सोनी ने भिवानी तिपहिया थ्री व्हीलर एवं रेहड़ी फुटपाथ एसोसिएशन के प्रधान रामनिवास शर्मा पर लगाए।
वहीं, दूसरी तरफ रामनिवास शर्मा का कहना है कि राजेंद्र
सोनी की यूनियन के तहत चलने वाले किसी भी ऑटो के कागजात पूरे नहीं है, इसलिए वह उन पर इस तरह के बेबुनियादी इल्जाम लगा रहा है। उन्होंने कहा कि यो ना तो खुद कमाकै खावै अर ना इन गरीबां नै खाण दे। दोनों प्रधानों के बीच कहासुनी बढ़ती देख डीएसपी ने दोनों यूनियन के प्रधानों को शांत कराया।
- डीएसपी ने ऑटो यूनियनों की बैठक में दिए सख्त निर्देश, नियम तोड़ने वाले वाहनों को किया जाएगा इंपाउंड।
पुलिस लाइन स्थित यातायात पुलिस थाना में एक-दूसरे पर आरोप लगाते यूनियनों के प्रधानों को समझाते डीएसपी मौजीराम।