भिवानी . राह चलती लड़कियों को छेड़ रहे छात्रों को रोडवेज बस के परिचालक ने रोका तो उन्होंने उसे बुरी तरह पीटा और बस में तोड़फोड़ की। इसी दौरान बीच-बचाव कर रहे बस चालक और कुछ सवारियों को भी चोटें आईं। आरोपित छात्रों ने बस के शीशे भी तोड़ डाले। घायल परिचालक को जिला सामान्य अस्पताल में दाखिल कराया गया है। पुलिस ने उसके बयान लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
रोडवेज बस के चालक राजेश ने बताया कि भिवानी से वाया सुई बलियाली होते हुए हांसी रूट पर बस चलाते हैं। बुधवार शाम पांच बजे वैश्य कॉलेज के सामने से चार-पांच छात्र बस में चढ़ गए थे। ये छात्र पायदान पर खड़े होकर सीटी बजाकर राहगीर लड़कियों पर फब्तियां कस रहे थे। बस के परिचालक कुंभा निवासी विक्रम ने इन युवकों को ऐसा करने और अंदर सीट पर बैठने के लिए कहा, मगर ये नहीं माने। परिचालक ने इनसे कहा कि टिकट लोगे या फिर बस पास है। परिचालक के इतना कहने पर युवक बोले कि तन्नै हम दिखावांगे की टिकट सै या बस पास। ये छात्र बवानीखेड़ा स्टाफ पर नीचे उतर गए।
रात को बस ने हांसी में रात्रि ठहराव किया और सुबह भिवानी के लिए रवाना हो गई। गुरुवार सुबह साढ़े 7 बजे जैसे ही रोडवेज बस बवानीखेड़ा की चुंगी पर पहुंची तो एक छात्र ने बस के आगे खड़ा होकर उसे रुकवा लिया। इतनी देर में ही पास की दुकान पर डंडों हथियारों से लैस छात्र बस पर टूट पड़े। छात्रों ने डंडों से बस के शीशे तोड़ डाले। हमलावर छात्रों की इस हरकत से यात्री भी सहम गए। छात्रों ने परिचालक पर चाकू से हमला कर दिया।
इसी दौरान बस में बैठी कुछ सवारियों ने साहस दिखाया और हमलावर युवकों के चंगुल से परिचालक को छुड़वाने का प्रयास किया तो उन्हें भी मामूली चोटें आई। हमलावर भागने की हड़बड़ी में चाकू को मौके पर ही छोड़ फरार हो गए। घायल परिचालक विक्रम को जिला सामान्य अस्पताल के आपात विभाग में लाया गया। चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद वार्ड नंबर पांच में भेज दिया। घटना की सूचना पाकर बवानीखेड़ा पुलिस घायल परिचालक का बयान लेने अस्पताल पहुंची।
पुलिस ने इस संबंध में आरोपित युवकों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। हरियाणा रोडवेज वर्करज यूनियन के पदाधिकारियों ने रोडवेज परिचालक के साथ हुई मारपीट पर आक्रोश जताया है।
तोशाम | बाबरवासगांव की एक महिला को निगाना खुर्द के एक युवक ने उसके घर में घुसकर छेड़छाड़ कर दी। महिला द्वारा विरोध करने पर युवक ने उसे जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने इस मामले में आरोपित के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। पुलिस को दी शिकायत में महिला ने बताया है कि वह बाबरवास की रहने वाली है और मिलकपुर निवासी एक युवक ने उसे गोद ले रखा है जो बाबरवास में रहता है। उसने बताया कि मंगलवार रात आठ बजे वह अपने घर पर अकेली थी।
इसी दौरान निगाना खुर्द निवासी सतीश उसके मकान में घुस गया और उसके साथ बदतमीजी करने लगा। महिला ने आरोप लगाया कि जब उसने ऐसा करने से मना किया तो उसने धमकी भरे लिहाज में कहा कि किसी से इस बारे में बताया तो उसे जान से मार दूंगा। युवक ने उसे प्रपोज किया कि वह उसके साथ शादी करना चाहता है। मगर जब उसने शोर मचाया तो वह युवक वहां से फरार हो गया। इस पर उसने इसकी शिकायत पुलिस में कर दी।