पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • डॉक्टर ने डीसी के सामने पत्रकारों से माफी मांगी

डॉक्टर ने डीसी के सामने पत्रकारों से माफी मांगी

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रिपोर्टर से मारपीट करने के मामले का पटाक्षेप

डीसीकार्यालय में गुरुवार को पत्रकारों और डॉक्टरों के एक प्रतिनिधिमंडल की बैठक हुई। यह बैठक दो दिसंबर को एक डॉक्टर के पत्रकार संजय वर्मा से मारपीट करने को लेकर हुई। इसमें आरोपित डॉक्टर ने जहां पत्रकारों से इस मामले में माफी मांगी तो डीसी और पीएमओ ने इस मामले में खेद जताते हुए मामले का निपटारा करने का आह्वान किया। इस पर दोनों पक्षों की सहमति से इस मामले को आपसी भाइचारे के तहत सुलझाते हुए समझौता कर लिया।

सिविल अस्पताल के डॉक्टर संदीप फौगाट ने दो दिसंबर को पत्रकार संजय वर्मा के साथ मारपीट कर दी थी। उसने यह हमला दैनिक भास्कर के 30 नवंबर के अंक में प्रकाशित समाचार को लेकर किया था। इस मामले में पुलिस ने डॉक्टर के खिलाफ केस तो दर्ज कर लिया, लेकिन उसे अभी तक गिरफ्तार नहीं किया था। मामले को लंबा खिंचता देख शहर के लगभग सभी पत्रकार इस मामले में ढिलाई को लेकर गुरुवार को डीसी साकेत कुमार से मिले। उन्होंने इस मामले में पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें इस मामले में संतुष्टि नहीं मिली है।

इस बात पर डीसी ने पत्रकारों से कहा कि अगर वे चाहें तो इस मामले में पहले दोनों पक्षों को आमने सामने करना चाहते हैं। पत्रकारों की ओर से दी गई सहमति पर डीसी ने पीएमओ श्रीराम सिवाच, आरोपित डॉक्टर और डॉ. मनीष पचार, राजेश कुमार को अपने कार्यालय में बुलाया। इसके बाद डीसी की अध्यक्षता में दोनों पक्षों ने अपनी अपनी बात रखी। डीसी ने दोनों पक्षों की बातें सुनी और गिले-शिकवे को आपसी भाईचारे से निपटाने की अपील की। इस पर डॉक्टरों की ओर से पीएमओ डॉ. एसआर सिवाच ने इस घटना पर खेद प्रकट किया। इस पर चिकित्सक डॉॅ. संदीप फौगाट ने पत्रकार के साथ किए व्यवहार पर माफी मांगते हुए भविष्य में इस तरह का व्यवहार करने का भरोसा दिलाया।

इस पर पत्रकारों के प्रतिनिधिमंडल ने इस मामले में पीड़ित पत्रकार संजय वर्मा से उसकी राय जानी तो उसने अपनी ओर से मामले का पटाक्षेप करने की सहमति जताई। इसके बाद पत्रकार संजय वर्मा और डॉ. संदीप फौगाट ने आपस में गले मिलकर गिले शिकवे दूर किए।