ऑटो चालक दंपती से लूटपाट
लुटेरों ने चालक और दंपती से मारपीट भी की
भास्करन्यूज | भिवानी
बस स्टैंड के बाहर करीब एक दर्जन युवकों ने शुक्रवार रात 11 बजे एक ऑटो चालक ऑटो में सवार दंपती के साथ मारपीट कर उन्हें लूट लिया। लूट करने के बाद आरोपितों ने इस बात की शिकायत पुलिस को करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ितों के शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
शहर में पिछले कुछ दिनों से चोरी लूट की घटना बढ़ती ही जा रही है। इसे रोकने में पुलिस भी नाकाम साबित हो रही है। वहीं दूसरी ओर अब चोर लुटेरे खुले आम ही चोरी लूट की घटना को अंजाम देकर भाग जाते हैं। जब इस बात की शिकायत पीड़ितों द्वारा पुलिस को दी जाती है तो वह समय रहते कोई ठोस कार्रवाई ही नहीं करते हैं।
गांव लिजवाना खुर्द निवासी ऑटो चालक सुशील ने बताया कि शुक्रवार रात 11 बजे वह रोहतक से भिवानी एक परिवार को छोड़ने के लिए आया था। उन्होंने बताया कि भिवानी बस स्टैंड पर सवारी को उतारने के लिए ऑटो को रोका तो कुछ युवकों ने उसके सवारी के साथ मारपीट करना शुरू कर दिया।
इसके बाद आरोपित युवकों ने उसकी जेब में रखे तीन हजार रुपये ऑटो में रखा सवारी का बैग भी ले लिया। ऑटो में सवार सुरेश ने बताया कि आरोपितों द्वारा लूटे गए बैग में करीब 50 हजार रुपये के सोने चांदी के आभूषण रखे थे। उन्होंने जब इस बात का विरोध किया तो युवकों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। लूट की घटना को अंजाम देने के बाद सभी युवक वहां से फरार हो गए।
ऑटो यूनियन के प्रधान राजेंद्र सोनी का कहना है कि पहले भी इसी प्रकार की कई घटनाएं यात्रियों के साथ हो चुकी है। उन्होंने कहा वह पिछले कुछ समय से बस स्टैंड के बाहर एक पीसीआर खड़ी करने की मांग पुलिस प्रशासन से कर रहे है। लेकिन प्रशासन द्वारा इस ओर कोई ध्यान ही नहीं दिया गया।
बस स्टैंड पर खड़े यात्री रवि, सुमित, अनिल, रोहन, अनीता अन्य लोगों का कहना है कि रात के समय चलने वाले सभी ऑटो पर विशेष चिन्ह को लगाया जाए। ताकि यात्री ऑटो में बैठने से पहले निर्भय होकर यात्रा कर सके।
ऑटो चालक सुशील का कहना है कि घटना के बाद वह रोहतक गेट पर खड़ी पीसीआर के पास गया। जब उसने इस बात की शिकायत पुलिस की तो उन्होंने उसकी इस बात की तरफ कोई ध्यान ही नहीं दिया। पुलिस वालों ने उससे कहा कि जब वह युवक उसे दोबारा दिखाई दे तो वह उन्हें बता दे।
बस स्टैंड पर रात को ऑटो में लूट की घटना के बारे में बताते मानान पाना निवासी सुरेश रोहतक निवासी सुशील कुमार, ऑटो रिक्शा यूनियन के प्रधान राजेंद्र सोनी अन्य।