धर्म के मार्ग पर चलें और अधर्म से बचें: कंवर महाराज
हमेशाधर्म के मार्ग पर चले और अधर्म के खिलाफ संघर्ष का रास्ता अपनाना पड़े तो भी पीछे ना हटे। हर मनुष्य को चाहिए कि धर्म के मार्ग पर चलते हुए समाज में बढ़ रही बुराइयों के खिलाफ आवाज बुलंद करे। यह बात राधा स्वामी पंत के संत हुजूर कंवर साहेब महाराज ने रविवार को संगत को प्रवचन देते हुए कही।
महाराज ने प्रवचन में धर्म और अधर्म पर संगत को समझाया और धर्म के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। अधर्म समाज के लिए कितना घातक है यह भी समझाया। महाराज ने समाज में अधर्म और बुराइयों के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए कहा कि समाज में धर्म अधर्म और अच्छाई बुराई साथ साथ चलते हैं। लेकिन सही सच्चे लोगों का फर्ज है कि वे अधर्म और बुराइयों का नाश करने के लिए हमेशा सजगता से कार्य करें। कंवर महाराज ने कहा कि भले ही हम आज विज्ञान के युग में जी रहे हैं लेकिन समाज बुराइयां अभी भी घेर हुए हैं। बुराइयों को मिटाने के लिए हर वर्ग को आगे आना होगा। समाज में यूथ में नशाखोरी की लत भी बढ़ रही है। इससे शारीरिक नुकसान तो होता ही है मानसिकता भी विकृत होती है इसलिए नशाखोरी का नाश करने के लिए यूथ को ही आगे आना होगा और इसको खत्म करने के लिए सच्ची लग्न से काम करना होगा। बेटियों के मान सम्मान को लेकर कंवर महाराज ने कहा कि जिस समाज में बेटियों का सम्मान होता है वह समाज हमेशा सभ्य एवं अग्रणी समाज होता है। इसलिए बेटियों को मान सम्मान दो, उनकी शिक्षा दीक्षा पर पूरा ध्यान दो। बेटियां एक नहीं दो घरों का उजाला होती हैं। इसलिए बेटियों को भी बेटों के बराबर अवसर दिए जाने चाहिए। इस मौके पर संगत ने प्रसाद ग्रहण किया।
गांव दिनोद के राधा स्वामी आश्रम में प्रवचन देते संत हुजूर कंवर साहेब महाराज।