पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • आपसी रंजिश में टीचर ने सात साल के बच्चे को डंडे से पीटा

आपसी रंजिश में टीचर ने सात साल के बच्चे को डंडे से पीटा

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भिवानी। कोंट रोड शांति नगर स्थित एक निजी स्कूल की क्लास टीचर पर पुरानी रंजिश के चलते सात साल के बच्चे को डंडे से बेरहमी से पीटने का आरोप लगा है। पीड़ित बच्चे को जिला सामान्य अस्पताल में दाखिल कराया गया है। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने घायल बच्चे के बयान दर्ज कर इस संबंध में कार्रवाई शुरू कर दी है।

पांच दिन पहले ही टीचर के परिवार से झगड़ा : कोंट रोड लक्ष्मी नगर कॉलोनी निवासी सतीश कोशिश ने बताया कि उसका सात साल का बेटा यश कोशिश शांति नगर स्थित एक निजी विद्यालय की दूसरी कक्षा में पढ़ता है। सतीश का आरोप है कि 2 फरवरी को उनका पड़ोस में ही झगड़ा हो गया था। जिन लोगों से उनका झगड़ा हुआ था। उन्हीं के परिवार में उसके बच्चे की क्लास टीचर भी है। इस टीचर से उसका बेटा पिछले एक साल से ट्यूशन भी पढ़ता था। लेकिन झगड़े के बाद से ही बच्चे का ट्यूशन भी बंद हो गया था।

सतीश ने बताया कि शुक्रवार को उसके बच्चे को वह लेने गया तो यश उसे देकर रोने लगा। उसके बेटे ने रास्ते में उससे बताया था कि उसकी टीचर ने उसे मारा है। घर पहुंचने के बाद जब बच्चे के कपड़े बदले गए तो उसके शरीर पर डंडों के निशान बने हुए थे। यह देख परिवार के लोग फिर स्कूल पहुंचे, मगर विद्यालय प्रशासन ने भी उनकी शिकायत पर कोई कदम नहीं उठाया। इसके बाद सतीश अपने बेटे को लेकर जिला सामान्य अस्पताल में पहुंचा। जहां पर चिकित्सकों ने बच्चे को प्राथमिक उपचार के बाद वार्ड में दाखिल कर लिया।

सतीश के अनुसार उसके बेटे की पीठ पैरों पर डंडे के नील के निशान बने हुए हैं। उसने बताया कि शुरू में तो उसने समझा कि उसका बेटा उसे लेने देर से आने पर रो रहा है, क्योंकि उसने बच्चे से वायदा किया था कि वह उसे आधी छुट्टी में ही घर ले जाएगा, क्योंकि पड़ोस में शादी थी, इसलिए उसे कपड़े दिलाने थे। मगर घर पहुंचने के बाद जब बच्चे के शरीर पर डंडे के निशान देखे तो वह और उसकी पत्नी सिहर उठे।

बच्चे को टीचर ने नहीं पीटा: स्कूल संचालक
स्कूलके संचालक जोगेंद्र लोहान ने बताया कि बच्चे को टीचर ने नहीं पीटा। उनकी आपस में पारिवारिक रंजिश है, इसलिए यह आरोप लगा रहे हैं। 5 फरवरी को बच्चे की दादी और मां यहां आई थी और उन्होंने अपने बच्चे को इस टीचर ने नहीं पढ़ाने की बात कही थी। इसलिए उसने 6 फरवरी को बच्चे को दूसरे सेक्शन में दूसरी टीचर के पास बैठा दिया था। उनके विद्यालय में सीसी टीवी कैमरे लगे हुए हैं, जिसमें बच्चा अपने पिता के साथ सामान्य रूप से घर लौट रहा था। बावजूद इसके उनके पास कोई शिकायत आती है तो वे पूरी तरह से मामले की जांच कराएंगे।