भाषण प्रतियोगिता में प्रथम रही मानसी
स्वतंत्रता सेनानी के जीवन से प्रेरणा लेने को कहा
भास्करन्यूज | भिवानी
स्वतंत्रता सेनानी पंडित नेकीराम शर्मा स्मृति ट्रस्ट द्वारा शनिवार को बवानी खेड़ा के श्रीलाल बहादुर शास्त्री वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में भाषण प्रतियोगिता कराई गई। इसमें बवानी खेड़ा आसपास क्षेत्र के छह स्कूलों ने भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि स्वामी दिनेशानंद शास्त्री महाराज काकड़ौली धाम थे। भाषण का विषय पंडित नेकीराम शर्मा का जीवन कार्य था।
इस प्रतियोगिता के माध्यम से छात्रों ने पंडित के जीवन पर प्रकाश डाला। भाषण प्रतियोगिता में सनराइज सीनियर सेकंडरी स्कूल की मानसी प्रथम, आदर्श सीनियर सेकंडरी स्कूल की विशाखा द्वितीय राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सुई का आशीष तृतीय स्थान पर रहा। इन छात्रों को स्मृति चिन्ह ज्ञानवर्धक पुस्तकें भेंटकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा सभी प्रतिभागी छात्रों को पुस्तकें ट्रस्ट के प्रधान पराग शर्मा मुख्य अतिथि स्वामी दिनेशानंद ने भेंट की। इसके अलावा ट्रस्ट की ओर से 51 पुस्तकें स्कूल के पुस्तकालय के लिए प्राचार्य मीनाक्षी चानना को भेंट की गई। अपने संबोधन में स्वामी दिनेशानंद महाराज ने कहा कि पंडित नेकीराम शर्मा महान स्वतंत्रता सेनानी थे। उन्होंने जीवन पर्यंत समाज की भलाई के लिए काम किया। ऐसी महान विभूतियों के जीवन चरित्र से प्रेरणा लेकर हमें उनके आदर्शों को अपने जीवन में ढालना चाहिए। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट का यह प्रयास सराहनीय है। कार्यक्रम में स्कूल के संचालक सत्यनारायण कौशिक ने कहा कि स्कूल के लिए यह गौरव की बात है कि पंडित नेकीराम के संदर्भ में यह भाषण प्रतियोगिता कराई गई। ट्रस्ट के सचिव धर्मवीर शर्मा ने ट्रस्ट की गतिविधियों पर प्रकाश डाला तथा स्कूल संचालक सत्यनारायण कौशिक को पंडित का चित्र स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया।