पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • सामान्य अस्पताल में बिना जांच मरीज को पीजीआई रेफर करने पर हंगामा

सामान्य अस्पताल में बिना जांच मरीज को पीजीआई रेफर करने पर हंगामा

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रविवारसुबह साढ़े आठ बजे केजुअल्टी में एक मरीज के साथ आए परिजनों ने जमकर बवाल काटा। परिजनों ने ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक के साथ भी बदसलूकी की। मामले की गंभीरता को भांपते हुए कार्यवाहक पीएमओ डॉ कृष्ण कुमार केजुअल्टी में पहुंचे और परिजनों को शांत किया। परिजनों ने ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक पर मरीज का चेकअप किए बिना ही उसे रेफर करने का आरोप लगाया था। परिजनों ने करीब एक घंटे तक केजुअल्टी में हंगामा खड़ा किए रखा।

दिनोद रोड बालाजी कॉलोनी निवासी ज्ञानी प्रेम सिंह, कुलदीप सिंह जंगी सिंह अपने पिता 75 वर्षीय बुजुर्ग सरदार इंद्र सिंह को लेकर रविवार सुबह केजुअल्टी में पहुंचे थे। इंद्र सिंह दमे का रोगी है और उसे तेज खांसी और जुकाम हुआ था। इस वजह से उसे ठीक से सांस नहीं रहा था। तीनों भाइयों का आरोप है कि जब वे अपने पिता को यहां दाखिल कराने के लिए लेकर पहुंचे तो वहां तैनात चिकित्सक ने बिना चेकअप किए ही उनके पिता को रोहतक पीजीआई के लिए रेफर कर दिया। इस वे भड़क उठे और इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों को करने की चिकित्सक को धमकी दे डाली। चिकित्सक ने उन्हें काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन मरीज के परिजन चिकित्सक से भी बदसलूकी पर उतर आए।

ड्यूटी पर तैनात स्टाफ ने इसकी सूचना कार्यवाहक पीएमओ डॉ कृष्ण कुमार को फोन पर दे दी। डॉ कृष्ण कुमार केजुअल्टी में पहुंचे और मरीज के परिजनों की समस्या सुनी। इसके बाद मरीज को दिए गए ट्रीटमेंट का भी जायजा लिया। मगर परिजनों ने पीएमओ के आश्वासन के बाद भी इलाज में असंतोष जताया और अपने पिता को प्राइवेट गाड़ी में यहां से लेकर करीब 11 बजे किसी निजी अस्पताल के लिए रवाना हो गए।

फिजिशियनछुट्टी पर था और मरीज की हालत क्रिटिकल थी: डॉ विक्रम

केजुअल्टीमें रविवार सुबह ड्यूटी पर तैनात डॉ विक्रम ने बताया कि उन पर लगाए आरोप निराधार हैं। मरीज की हालत काफी क्रिटिकल बनी हुई थी। इस संबंध में उनके परिजनों को भी बता दिया था और उपचार की फाइल पर भी इस संबंध में लिखा गया था। लेकिन परिजन उसे यहीं पर रखने की बात पर अड़े हुए थे। डॉ विक्रम ने बताया कि फिजिशियन छुट्टी पर था, इसलिए इस मरीज को यहां सही उपचार संभव नहीं था। इसलिए उन्होंने जरूरी ट्रीटमेंट देने के उपरांत उसे रेफर किया था। मगर मरीज के साथ आए परिजन उन्हीं के साथ बदसलूकी पर उतर आए।

{कार्यवाहक पीएमओ ने संभाली स्थिति, चार दिन के लिए फिजिशियन गए हैं छुट्टी पर

कार्यवाहक पीएमओ डॉ कृष्ण कुमार ने बताया कि उन्होंने केजुअल्टी में पहुंचकर मरीज के ट्रीटमेंट की जानकारी ली है। इस मरीज को फिजिशियन की जरूरत हैं, लेकिन अस्पताल में फिजिशियन चार दिन की छुट्टी पर गया हुआ है। इस संबंध में केजुअल्टी में सूचना भी चस्पा दी गई है। परिजनों को यही समझाने का जतन किया गया था कि मरीज की जान बचाने के लिए उन्हें रोहतक पीजीआई ले जाना पड़ेगा। इलाज में किसी तरह की कोई लापरवाही नहीं की गई।

सामान्य अस्पताल की इमरजेंसी में दीवार पर चस्पाया गया फिजिशियन के छुट्टी पर जाने संबंधी नोटिस। इस पर चार दिन की छुट्‌टी की बात लिखी गई है।