- Hindi News
- निजी स्कूल दस फीसदी सीटों पर गरीब बच्चों को दािखला देने को तैयार
निजी स्कूल दस फीसदी सीटों पर गरीब बच्चों को दािखला देने को तैयार
पत्रकारों से बातचीत करते प्राइवेट स्कूल वेलफेयर एसो. के प्रदेश महासचिव रामअवतार शर्मा, साथ में सोमनाथ रहेजा, डॉ. अलका वर्मा ओपी जोशी।
भास्कर न्यूज | भिवानी
नियम134 के तहत प्राइवेट स्कूलों में गरीब विद्यार्थियों को एडमिशन देने के मामले को लेकर शनिवार को प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन ने हांसी गेट स्थित केएम स्कूल में बैठक की। एसोसिएशन के जिला प्रधान रामअवतार शर्मा ने कहा कि प्राइवेट स्कूल संचालक स्कूलों में 10 प्रतिशत सीटों पर एडमिशन देने को तैयार है, लेकिन जो भी अभिभावक बच्चों को एडमिशन दिलाने के लिए आते हैं वो सभी कागजात पूरे कर के लाएं। उन्होंने कहा कि अब शैक्षणिक सत्र के सात माह गुजर चुके हैं और विद्यार्थियों के साथ साथ स्कूल संचालक को भी अब एडमिशन देने में समस्या का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्राइवेट स्कूल संचालक चाहते हैं कि जो सच में गरीब और योग्य है उन्हीं बच्चों को दाखिला मिले इसलिए एसोसिएशन ने एक फैसला लिया है। इसके तहत प्राइवेट स्कूल संचालक बच्चों को एडमिशन देंगे और जिस भी बच्चे के प्रमाण पत्र पर शक होगा उसके खिलाफ शिक्षा विभाग को लिखित में शिकायत देंगे और उन पर धोखाधड़ी की धारा के तहत मामला दर्ज करवाएंगे। उन्होंने कहा कि कुछ लोग अपनी राजनीति चमकाने के लिए प्राइवेट स्कूल संचालकों को बदनाम करने पर तुले हुए हैं। बैठक में एसोसिएशन के जिला प्रधान रामअवतार शर्मा, कोषाध्यक्ष सोमनाथ रहेजा, केएम स्कूल प्राचार्या अलका वर्मा वैश्य मॉडल सीनियर सेकंडरी स्कूल के प्राचार्य ओपी जोशी उपस्थित थे।