पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • बलियाली में पेड़ से लटका मिला मजदूर का शव

बलियाली में पेड़ से लटका मिला मजदूर का शव

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
गांवबलियाली के जैमलपुरा मोहल्ले में मकडा़ना पीर की मजार के पीछे खेत में गुरुवार सुबह एक मजदूर का शव नीम के पेड़ से लटका मिला है। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। शव को देखने से वहां मौजूद ग्रामीणों को लग रहा था कि इस मजदूर ने फांसी नहीं बल्कि किसी ने उसकी हत्या कर उसे यहां लटकाया है। पुलिस शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिवानी लेकर आई है। पुलिस की माने तो इस मौत का राज पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही खुलासा हो पाएगा।

बलियाली निवासी संदीप ने बताया कि उसका पिता 46 साल का भले सिंह मकान चिनाई और मजदूरी का काम करता था। उसने बताया कि पिछले नौ महीने से उसका पिता सुलतानपुर में उसकी बुआ की बेटी ज्ञानो देवी के घर रह रहा था। इस कारण उसका पिता पिछले पांच महीने से घर नहीं आया था। उसने बताया कि गुरुवार को वह अपनी छोटी बहन काे पेपर दिलाने बवानीखेड़ा गया था। इसी दौरान उसे जानकारी मिली कि उसका पिता एक पेड़ से लटक रहा है। इस सूचना के आधार पर वह मौके पर पहुंचा। इसी दौरान सूचना के आधार पर पुलिस भी मौके पर पहुंच चुकी थी।

पुलिस ने इस मामले में लोगों से बात करते हुए उसके पिता के शव काे पेड़ से उतार लिया। इस बारे में जांच अधिकारी एसआई राजबीर सिंह ने बताया उन्हें फोन के माध्यम से सूचना मिली थी कि बलियाली के खेतों में एक व्यक्ति का शव लटका हुआ है। इसकी जानकारी मिलने पर वे मौके पर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने मौके पर जाकर देखा तो बलियाली निवासी भले सिंह का शव पहाड़ी नीम से लटका हुआ था। उन्होंने बताया कि भले ने इस मामले में खुद को फांसी पर लटकाया या किसी ने हत्या की इस बारे में पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चल पाएगा।