भिवानी। बिजली निगम एक बार फिर उपभोक्ताओं को सस्ते मीटर उपलब्ध कराने जा रहा है। नया कनेक्शन लेने वालों को अब बाजार के साथ निगम के स्टोर से भी मीटर मिल सकेगा। निगम के मीटर बाजार के मुकाबले सस्ते बताए जा रहे हैं। इससे पहले निगम के स्टोर में बिजली मीटरों की भारी किल्लत होने की वजह से नया कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ताओं को मीटर देने पर प्रतिबंध लगा दिया था। निगम मुख्यालय ने सरकुलर जारी कर नया बिजली कनेक्शन पर मीटर स्टोर से नहीं देने की सख्त हिदायतें दी थी।
अब निगम के भिवानी स्टोर में 7800 सिंगल फेज 2100 थ्री फेज बिजली मीटर पहुंच चुके हैं। निगम ने इन मीटरों के उपलब्ध होने पर उपभोक्ताओं के लिए दोनों विकल्प खुले कर दिए हैं, जिसमें पहले विकल्प में तो उपभोक्ता चाहे तो निगम स्टोर से बिजली मीटर ले सकता है। जबकि दूसरे विकल्प में उपभोक्ता चाहे तो बाहर से बिजली का मीटर भी खरीदकर निगम कार्यालय में जमा करा सकता है।
दैनिक भास्कर ने 11 सितंबर के अंक में नया बिजली कनेक्शन लेने पर स्टोर से बिजली मीटरों पर प्रतिबंध लगाने की खबर को प्रकाशित किया था। इस दौरान निगम के स्टोर में मीटरों की भारी कमी बनी हुई थी। निगम केवल एमसीओ पर ही मीटर स्टोर से दे रहा था।
ये होगा फायदा : निगम के अधिकारिक सूत्रों की माने तो मीटर निर्माता कंपनी जिनस ने निगम से करीब 30 हजार नए बिजली मीटरों की टेस्टिंग कराई है। इन मीटरों को भी उपभोक्ता बाजार से खरीदकर निगम द्वारा लगवा सकते हैं। लेकिन इनके बाजार और निगम के रेट में फर्क बताया जा रहा है।
निगम महाप्रबंधक दलजीत सिंह ने बताया कि उपभोक्ता चाहे तो स्टोर से भी मीटर ले सकते हैं और बाजार से भी खरीद सकते हैं। उनके लिए दोनों विकल्प खुले रखे गए हैं। अस्थायी व्यवस्था के तहत पहले स्टोर से नया कनेक्शन लेने पर बिजली मीटर देना बंद कर दिया था। अब स्टोर में मीटर चुके हैं। इसके अलावा सामान की भी कोई कमी नहीं है।
निगम द्वारा इससे पहले केवल एमसीओ (मीटर चेज आर्डर) पर ही स्टोर से बिजली मीटर उपभोक्ता को उपलब्ध कराया जाता था। इसके लिए निगम कार्यालय में उपभोक्ताओं को एक निश्चित राशि जमा करानी होती है। इसके बाद ही उपभोक्ता के घर पर बिजली मीटर लगाया जाता है। निगम द्वारा यह व्यवस्था स्टोर में बिजली मीटरों की किल्लत होने पर अमल में लाई गई थी।
बिजली वितरण निगम के स्टोर से उपभोक्ता को सिंगल फेज के मीटर के लिए 1100 रुपये मीटर चार्ज देना पड़ेगा। इसमें मीटर टेस्टिंग कोस्ट भी शामिल होगी। इसके साथ मीटर बाक्स 30 मीटर लंबी केबल भी मुफ्त मिलेगी। थ्री फेज बिजली मीटर के लिए लगभग 2500 रुपये मीटर कोस्ट ली जाएगी। बाजार में सिंगल फेज मीटर के लिए उपभोक्ता को 1500 से 1800 रुपये खर्च करने पड़ते हैं, जबकि थ्री फेज बिजली मीटर के लिए 3500 से 4 हजार रुपये तक खर्च उठाना पड़ता है। निगम के इस फैसले से सिंगल फेज कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ता को 700 रुपये तक की बचत होगी, जबकि थ्री फेज में करीब 1500 रुपये तक का फायदा मिलेगा।
निगम से 30 हजार मीटरों की टेस्टिंग कराई ।
उपभोक्ता के लिए दोनों विकल्प हैं खुले ।
इससे पहले एमसीओ पर ही मिलता था मीटर ।
(प्रतीकात्मक फोटो)