- Hindi News
- चैकिंग के दौरान वाहनों से लाखों की नकदी जब्त
चैकिंग के दौरान वाहनों से लाखों की नकदी जब्त
आदर्शआचार संहिता की पालना के लिए गठित टीम ने बुधवार को जांच के दौरान एक वाहन से चार लाख 36 हजार की नकदी जब्त की है। पुलिस सूत्रों की माने तो यह मामला चीन से जुड़ा हुआ है।
बुधवार दोपहर बाद जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ एनआर राणा के नेतृत्व में गठित एसएसटी टीम भिवानी मार्ग पर स्थित सागवन नाके पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान टोयोटा गाड़ी नंबर एचआर 26 सीए 3923 आई। गाड़ी में चार व्यक्ति सवार थे। चेंकिंग के दौरान गाड़ी से चार लाख 36 हजार 200 रुपये की नकदी बरामद की गई। पूछताछ के दौरान युवकों ने नकदी को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं दिया। इस पर टीम ने वीडियोग्राफी कर गाड़ी के कागजात और नकदी जब्त कर ली। इसमें खास बात यह है कि गाड़ी में सवार चार व्यक्तियों में एक व्यक्ति चीन का तो एक यूपी का रहने वाला है। टीम के इंचार्ज एनआर राणा ने बताया कि वाहनों की चैकिंग के दौरान एक गाड़ी से यह नकदी बरामद हुई है। गाड़ी में सवार व्यक्ति कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए थे। उन्होंने बताया कि अन्य युवकों की पहचान कलानौर के वार्ड 10 निवासी राजेश और सुभाष के रूप में हुई है। इसके अलावा एक युवक उत्तर प्रदेश का श्याम सिंह और चीन का चेनपेंग शामिल हैं। वहीं पुलिस ने एक अन्य कार से खानक में चेकिंग के दौरान ढाई लाख रुपये और एक अन्य कार से 72 हजार 350 रुपये की नकदी बरामद की। चैकिंग टीम के सदस्यों ने नकदी को अपने कब्जे में ले लिया।
इसके अलावा आचार संहिता के एक अन्य मामले में सहायक निर्वाचन अधिकारी हवासिंह पचार ने सिवानी मार्ग पर पोस्टर लगाने की बाबत प्रत्याशी रोहताश सैनी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। नोटिस के माध्यम से उससे पूछा गया है कि उसके दो पोस्टर सिवानी मार्ग पर लगे हुए हैं जो आचार संहिता का उल्लंघन है। इस संबंध में सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ इंडिया (कम्युनिस्ट) के प्रत्याशी रोहताश ने बताया कि उन्होंने आचार संहिता का पालन करते हुए नोटिस के बाद पोस्टर हटा दिए हैं। उन्होंने कहा कि आचार संहिता का पालन किया जाएगा।