झूठी गवाही देने पर विवाहिता से मारपीट
खाड़ीमोहल्ला निवासी एक विवाहिता को उसी के ससुराल वालों ने सिर्फ इस बात को लेकर मारपीट की और घर से बाहर निकाल दिया क्योंकि वह ननद के पति के खिलाफ झूठी गवाही देने के लिए तैयार नहीं हुई। घायल महिला को परिजनों ने उपचार के लिए सामान्य अस्पताल मेें दाखिल कराया है। खाड़ी मोहल्ला निवासी 24 वर्षीय पूजा ने बताया कि उसकी शादी 12 फरवरी 2012 को रोहतक जिला के गांव सिंहपुरा निवासी एक व्यक्ति के साथ हुई थी। पूजा ने बताया कि 23 सितंबर को उसके ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट की और उसे घर से बाहर निकाल दिया। पूजा ने बताया कि उस पर उसकी ननंद के पति के खिलाफ दर्ज कराए गए एक झूठे मुकदमे में गवाही देने का दबाव बनाया जा रहा था। मगर उसने ऐसा करने से साफ इंकार कर दिया। पूजा का आरोप है कि ससुराल वालों की जब गवाही के मामले में एक नहीं चली तो उन्होंने उससे अपने मायके से दो लाख रुपये लाने की बात कही, मगर उसने इस पर भी इंकार कर दिया तो उसे कमरे में बंद कर पीटा गया। इसके बाद उसे धक्के देकर घर से बाहर निकाल दिया। घायल महिला को जिला सामान्य अस्पताल में दाखिल कराया गया है। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। रोहतक पुलिस ने घायल महिला के बयान दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।